भयावह: युवक को मार कर खा गया मगरमच्छ, मछलियां पकड़ने गया था नाले में
संवाददाता
लालकुआं,10 सितंबर। यहां सुनने वालों के रौंगटे खड़े कर देने वाली खबर आई है। मछलियां पकड़ने को गांव के नजदीक नाले पर गये एक युवक को मगरमच्छ ने अपना निवाला बना लिया। घटनास्थल के पास मौजूद कुछ ग्रामीण महिलाओं ने यह जानकारी दी।
जानकारी के अनुसार, घटना तराई पूर्वी वन प्रभाग के डॉली रेंज में तिलियापुर आनंद नगर गांव के पास कटना नाला की है, जहां एक युवक को मगरमच्छ द्वारा मारकर खा लिए जाने की सूचना से लोगों में दहशत है। बताया जा रहा है कि डौली रेंज में घास काटने जा रही गिरजावती, राजवंती, मालती, अमरावती महिलाओं ने कटना नाले में कांटा डालकर एक युवक को मछली पकड़ते देखा था। उन्होंने बताया कि कपड़ों और चेहरे मोहरे से वह बंगाली समुदाय का लग रहा था। महिलाएं उससे कुछ आगे निकली ही थीं कि पीछे से किसी के चीखने की आवाज सुनकर उन्होंने पलट कर देखा तो वह व्यक्ति नाले के किनारे से गायब था। महिलाएं भाग कर नाले के किनारे पहुंचीं तो उस वक्त पानी में तेज हलचल हो रही थी, जो धीरे धीरे शांत हो गई। उसके बाद महिलाओं ने ग्राम प्रधान तीलियापुर निमिषा डसीला को घटना की जानकारी दी। उन्होंने घटना से पुलिस व वन विभाग के अधिकारियों को अवगत कराया। दोनों विभागों के अधिकारी जांच करने की बात कह रहे हैं। उधर, घटना के बाद से ग्रामीणों में मगरमच्छ का खौफ छाया हुआ है।

