चारधाम यात्रा: कंट्रोल रूम का फोन बंद आने पर चढ़ा डीएम भदौरिया का पारा, लगाई फटकार

चारधाम यात्रा: कंट्रोल रूम का फोन बंद आने पर चढ़ा डीएम भदौरिया का पारा, लगाई फटकार
Spread the love

श्रीनगर नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का लिया जायजा

 

श्रीनगर गढ़वाल। चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम के निरीक्षण के दौरान फोन बंद पाए जाने पर जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने नाराजगी जताते हुए उपजिलाधिकारी को फोन तत्काल सुचारु करने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने कहा कि ड्यूटी पर तैनात कर्मचारियों को प्रशिक्षण दिया जाए। उन्होंने कहा कि उनका कार्य सिर्फ फोन उठाना नहीं, बल्कि क्षेत्रीय पटवारी और अधिकारियों से वर्षा की मात्रा, जलस्तर व अन्य जानकारियां एकत्र करना भी है। जिलाधिकारी स्वाति एस भदौरिया ने मंगलवार को श्रीनगर नगर क्षेत्र के विभिन्न स्थलों का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने गंगा दर्शन बैंड स्थित गोशाला, निर्माणाधीन एनिमल बर्थ कंट्रोल (एबीसी) सेंटर, गंगा संस्कृति केंद्र, अलकेश्वर घाट, श्रीनगर तहसील व चारधाम यात्रा कंट्रोल रूम का निरीक्षण किया। गोशाला निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन एबीसी सेंटर को विस्तारित करने और पशु रखरखाव के लिए गाइडलाइन अनुसार समिति गठन के निर्देश दिए। साथ ही नगर निगम को निर्देश दिए कि भवन तैयार होने तक मुख्य पशुचिकित्सा अधिकारी के समन्वय से आवश्यक उपकरणों को खरीदे जाने की प्रक्रिया पूर्ण करें। उन्होंने कहा कि सेंटर के संचालन के लिए तत्कालिक व्यवस्था के रूप में पशुपालन विभाग द्वारा पशु चिकित्सक उपलब्ध करा दिया जाएगा। जिलाधिकारी ने गोशाला का भी निरीक्षण किया और मुख्य पशु चिकित्साधिकारी को निर्देश दिये कि टैग लगे हुए आवारा पशुओं के स्वामियों की पहचान करते हुए उन पर चालानी कार्रवाई करना सुनिश्चित करें। बताया कि ग्राम स्तर पर यह सुनिश्चित किया जाए कि कोई भी गायें खुली सड़कों पर न छोड़ी जाएं। तहसील निरीक्षण में डीएम ने साफ-सफाई बनाये रखने और अवसंरचना विकास हेतु कार्ययोजना तैयार कर जिला कार्यालय में प्रस्तुत करने को कहा। संग्रह अनुभाग में बड़े बकायेदारों से वसूली प्रक्रिया तेज करने के निर्देश अमीन को दिए। डीएम ने अलकेश्वर घाट पर निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त को स्वच्छता व्यवस्था सुदृढ़ करने, चेंजिंग रूम की मरम्मत, पेयजल सुविधा मजबूत करने और सीसीटीवी कैमरे लगाने के निर्देश दिये। साथ ही उन्होंने सिंचाई विभाग द्वारा प्रस्तावित बाढ़ सुरक्षा दीवार की डीपीआर की जानकारी ली और कहा कि दीवार को तेज बहाव से सुरक्षित रखने के लिये इसे और मजबूत किया जाये। निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी स्वाति एस. भदौरिया ने धारी देवी मंदिर में पूजा-अर्चना की और स्थानीय नागरिकों से भेंट कर उनकी समस्याएं सुनीं। इस मौके पर मेयर नगर निगम श्रीनगर आरती भंडारी, उपजिलाधिकारी श्रीनगर नूपुर वर्मा, ग्रामीण निर्माण विभाग के ऐई राजीव गर्ग, प्रभारी तहसीलदार दीपक भंडारी सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।

Parvatanchal