उल्टा दांव: प्रेमिका के परिजनों को फंसाने को खुद पर चलवाई गोली, पेट की बजाय घुस गई सीने में, मौके पर ही मौत
मेरठ। गंगानगर थाना क्षेत्र के अम्हेड़ा आदिपुर गांव में प्रेमिका के परिजनों को फंसाने की साजिश रचने वाला युवक हर्ष (22) अपनी ही योजना का शिकार हो गया। उसने अपने 16 वर्षीय नाबालिग दोस्त से खुद पर गोली चलवाई, जो गलती से पेट के बजाय सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस ने मामले का खुलासा करते हुए नाबालिग दोस्त को हिरासत में लिया है।
पुलिस के अनुसार, हर्ष का एक युवती के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा था। युवती के परिजनों ने हर्ष के खिलाफ गंगानगर थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। इससे नाराज हर्ष ने प्रेमिका के परिजनों को फंसाने के लिए अपने नाबालिग दोस्त के साथ मिलकर साजिश रची। मंगलवार (24 जून 2025) की रात हर्ष ने दोस्त से तमंचे से खुद पर गोली चलवाने को कहा। गोली पेट की बजाय सीने में लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। बुधवार (25 जून 2025) सुबह ग्रामीणों ने डायल-112 को सूचना दी कि अम्हेड़ा आदिपुर गांव में ईख के खेत में एक पेड़ के नीचे शव पड़ा है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव की पहचान हर्ष के रूप में की। फोरेंसिक टीम को शव के पास एक तमंचा और उसमें फंसा कारतूस का खोखा मिला।
थाना प्रभारी ने बताया कि हर्ष मजदूरी करता था और मंगलवार शाम छह बजे काम से लौटने के बाद सात बजे घर से निकल गया था। देर रात तक वह घर नहीं लौटा। परिजनों ने उसकी तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बुधवार सुबह करीब 9:30 बजे शव मिलने की सूचना पर पुलिस और परिजन मौके पर पहुंचे। पुलिस ने नाबालिग दोस्त को हिरासत में लेकर पूछताछ की, जिसमें उसने साजिश का खुलासा किया। पुलिस ने हत्या का मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

