शर्मनाक: महिला को नौकरी देने के बहाने कार में बिठाकर की छेड़छाड़,होटल संचालक पर केस दर्ज
रुड़की। एक होटल संचालक ने महिला से कार में छेड़छाड़ कर दी। आरोप है कि होटल संचालक ने होटल में सफाई की नौकरी देने के बहाने से उसे कार में बैठाया था। महिला के विरोध करने पर होटल संचालक ने उसे जान से मारने की धमकी दे दी। प्रभारी निरीक्षक मणिभूषण श्रीवास्तव ने बताया कि महिला की तहरीर पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। सिविल लाइंस कोतवाली क्षेत्र के मोहनपुरा निवासी एक महिला ने कोतवाली पुलिस को तहरीर दी है। जिसमें बताया कि उसके पास कुछ दिन पहले एक व्यक्ति का फोन आया था। उसने अपना नाम अय्याज निवासी भारापुर थाना बहादराबाद बताया। उसने बताया कि क्रिस्टल वर्ल्ड के पास उसका एक बड़ा होटल है। बताया कि उसे होटल में साफ सफाई और बर्तन साफ करने के लिए एक महिला की जरूरत है। उसने बताया कि उसके एक परिचित ने उसका नंबर दिया है। महिला ने काम करने की हामी भर दी। इसके बाद से वह फोन पर बात करने लगा। तहरीर में बताया गया है कि तीन जून की सुबह उसने फोन करके बताया कि वह एक बजे गंगनहर किनारे वन विभाग के कार्यालय के पास आकर उससे मिल ले। वह उसे होटल में ले जाकर काम के बारे में बता देगा। उसकी बातों में आकर महिला गंगनहर किनारे पहुंच गई। अय्याज कार लेकर वहां पर आया और महिला को वाहन में बैठा लिया। आरोप है कि कुछ दूर चलने के बाद आरोपी ने उसके साथ छेड़छाड़ कर दी। कलियर के होटल में चलने और संबंध बनाने का दबाव बनाने लगा। विरोध करने पर जान से मारने की धमकी दे दी।
वाहन की टक्कर से महिला की मौत
उधर , मंगलौर के नसीरपुर पुल के पास देर रात को एक हादसे में एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पुलिस महिला की शिनाख्त कराने के प्रयास कर रही है। कोतवाली क्षेत्र के नसीरपुर गंगनहर पुल पर एक अज्ञात वाहन ने महिला को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई। स्थानीय लोगों ने मामले की सूचना पुलिस को दी गई। सूचना मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि महिला की उम्र लगभग 40 वर्ष प्रतीत होती है, लेकिन उसकी पहचान नहीं हो सकी है। पुलिस ने अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी है और आसपास के इलाकों में सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। साथ ही, मृतक महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों से लोगों से जानकारी मांग रही है। कोतवाली प्रभारी शांति कुमार गंगवार ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और जल्द ही वाहन चालक को पकड़ने के साथ-साथ महिला की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है।

