दहशत: गुलदार ने बाइक सवार दो युवकों पर किया हमला, ग्रामीणों में डर का माहौल
उत्तरकाशी। अपर वन यमुना प्रभाग बड़कोट के मुंगरसन्ति रेंज के नौगांव क्षेत्र में गुलदार के आतंक की घटनाएं थमने का नाम नहीं ले रही हैं। मंगलवार सांय को नौगांव के सौली बैंड के पास बाइक सवार दो युवकों पर गुलदार ने हमला कर दिया। जिससे वह बुरी तरह घायल हो गए। मौके पर मौजूद स्थानीय लोगों ने घायल दोनों युवकों को सीएचसी नौगांव पहुंचाया। जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें घर भेज दिया गया। जानकारी के अनुसार मंगलवार सांय को बाइक सवार युवक विनित चौहान निवासी मनोगी नैनबाग और विवेक रावत निवासी पौंटी गांव तहसील बड़कोट अपने घर को जा रहे थे। इसी दौरान घात लागए गुलदार ने उन पर हमला कर बुरी तरह घायल कर दिया। इससे स्थानीय लोगों में वन विभाग पर रोष व्यक्त किया है। स्थानीय लोगों ने कहा कि नौगांव क्षेत्र में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी गुलदार चार लोगों को जख्मी कर चुका है, जिससे कि क्षेत्र के लोगों में दहशत का माहौल बना है। उन्होंने वन विभाग से गुलदार को पकड़ने के साथ ही क्षेत्र में गश्त बढ़ाने की मांग की है। इनका कहना है.. नौगांव क्षेत्र में रात्रि में पेट्रोलिंग टीम गश्त मारकर पूरे क्षेत्र में निगरानी की जा रही है। गुलदार पकड़ने के लिए पिंजरा लगाने की मांग उच्चाधिकारियों से की गई है। आदेश प्राप्त होते ही पिंजरा लगाया दिया जाएगा।

