सबक: महिला से दुष्कर्म कर उसका वीडियो किया वायरल, पुलिस ने पहुंचाया सलाखों के पीछे
रुद्रपुर। महिला के घर में घुसकर जबरन दुष्कर्म करने और वीडियो बनाकर वायरल करने के ममाले में पुलिस ने आरोपी को रविवार को चंदौसी, संभल से गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद कर उसे कोर्ट में पेश किया, कोर्ट ने उसे जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक 20 मई को एक महिला ने पुलिस को तहरीर दी। बताया कि 18 मई को पति घर पर नहीं थे। उस रात ग्राम रम्पुरा उझैनिया थाना जहानाबाद पीलीभीत यूपी निवासी दीनदयाल पुत्र नेतराम जबरन उसके घर में घुस गया। आरोप लगाया कि इसके बाद उसने दुष्कर्म किया और घटना का वीडियो बनाकर अपनी आईडी से वीडियो वायरल कर दिया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। एसएसपी मणिकांत मिश्रा ने बताया कि आरोपी पुलिस से बचने के लिए अपनी जगह बदल रहा था। सर्विलांस से रविवार रात को आरोपी दीनदयाल को संभल के चंदौसी कस्बे से गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी से घटना में प्रयुक्त मोबाइल बरामद किया है। एसएसपी ने बताया कि आरोपी ट्रांजिट कैंप में किराये पर रहता था और सिडकुल की एक कंपनी में ट्रक चालक है।

