दगाबाज़ी: महिला ने पति पर लगाया चौथा विवाह करने का आरोप,सीएम के आदेश में बाद मामला दर्ज़
रुद्रपुर। ओमेक्स रिवेरा निवासी महिला ने अपने इंस्पेक्टर पति पर चौथा विवाह कर उसे डरा धमकाकर छुटकारा पाने का आरोप लगाया है। यही नहीं सास पर भी उत्पीड़न का आरोप लगा है। इसकी शिकायत पीड़िता ने मुख्यमंत्री से की। जिसके बाद मुख्यमंत्री के आदेश के बाद इंस्पेक्टर पति और सास पर पुलिस ने प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू कर दी है।
ओमेक्स रिवेरा कालोनी निवासी वैजयंती चंद ने मुख्यमंत्री को सौंपे शिकायती पत्र में कहा था कि उसका विवाह 18 फरवरी 2019 को उत्तराखंड पुलिस में निरीक्षक पद पर तैनात और हनुमान गली रुड़की हरिद्वार निवासी आशुतोष कुमार पुत्र बिशन लाल के साथ मथुरा में हुआ था। विवाह में उसके मायके वालों ने अपनी हैसियत के अनुसार दान दहेज दिया था।
विवाह के समय उसके पति आशुतोष कुमार ने अपनी पहली पत्नी से तलाक हो जाने की सूचना दी थी लेकिन मुजफ्फरनगर निवासी पूनम रानी से दूसरा विवाह होने और तलाक नहीं होने की कोई जानकारी नहीं दी थी। शादी के बाद उनकी दो पुत्रियां हुईं। दूसरी बार पुत्री पैदा होने पर उसकी सास शकुंतला देवी के ताने बढ़ गए, साथ ही कहने लगी कि उसका पुत्र आशुतोष कुमार इंसपेक्टर है और उत्तर प्रदेश में शादी करने पर उन्हें 50 लाख रुपये दहेज मिलता। यही नहीं उसका पति भी दूसरी बेटी होने के बाद बदल गया। इस बीच उसके पति का ट्रांसफर आईटीआई काशीपुर में हो गया। इस दौरान उसके पति ने कहा कि उनका एक फ्लैट देहरादून में है वह वहां जाकर रह लें। अवकाश लेकर वह देहरादून आता रहेगा, लेकिन वह कभी भी नहीं आए। एक दिन उसकी पति से फोन पर बात हो रही थी तो उसके दूसरे फोन पर काल आ गई। इस पर उसके पति आशुतोष कुमार उसका फोन काटे बगैर ही दूसरे फोन पर बात करने लगे। इस दौरान वह बार बार एक युवती का नाम लेकर बहुत अश्लील बातें कर रहे थे। जिसके बाद उसे अपने पति पर शक होने लगा। बाद में उसने जानकारी जुटाई तो पता चला कि युवती कांस्टेबल है और पुलिस आफिस में तैनात है।
उसका पति भी पुलिस में है और उसकी पिथौरागढ़ में पोस्टिंग है। इस पर उसने महिला पुलिस कर्मी के पति से संपर्क कर जानकारी दी। इसका पता जब उसके पति आशुतोष कुमार को हुई तो उसने लड़ाई झगड़ा करना शुरू कर दिया, साथ ही खर्च देना भी बंद कर दिया।
आरोप है कि साल 2022 को बिना पति को बताए ही वह बच्चों को लेकर आईटीआई आ गई, जहां पति ने उसे और बच्चों को आईटीआई गौतमी होटल में रखा था। शाम को उसका पति होटल के कमरे में आया और लड़ाई-झगड़ा करने लगा। जबरन उससे अपाकृतिक संबंध कायम करते उसे अपने नाजायज संबंधों के बारे में बताते रहे।
इसी बीच उसके पति ने दूसरी शादी पूनम रानी से की है इसका भी पता चला। जिससे पति की एक बेटी भी है। पति ने उस पत्नी व बच्चे को भी छोड़ दिया है और बिना उससे तलाक लिए उससे तीसरी शादी की है। आरोप है कि अब वह चौथी शादी करने की तलाश में है। वैजयंती चंद का आरोप था कि बाद में उसके पति ने ओमेक्स रिवेरा कालोनी में विला खरीद लिया।
विला के एक मंजिल में वह अपने बच्चों के साथ रहने लगी तथा दूसरी मंजिल पर उसकी सास-ससुर रहने लगे। इस बीच उसकी सास लगातार उसका शारीरिक एवं मानसिक उत्पीड़न करते रहीं। उसने अपने पति से शादी का रजिस्ट्रेशन कराने के लिए कहा तो टालमटोल कर देते थे। इस दौरान उसके पति आशुतोष कुमार ने धोखे से उससे सादे कागजात पर हस्ताक्षर करवाकर लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के कागजात बना लिए।
चार माह पहले उसके पति का दोस्त उसके पास आया और धमकी दी कि वह आशुतोष कुमार को छोड़ दे। इसके लिए वह टू बीएचके का फ्लैट व दोनों पुत्रियों के नाम पर 10-10 लाख रुपये देगा। पीड़िता ने आंशका जताई है कि उसके पति ने चौथा विवाह भी कर लिया है। उसे डरा धमका कर छुटकारा पाना चाहता है।

