शुभ प्रभात: जानिए, क्या कहते हैं आज़ आपके भाग्य के सितारे
आज़ का राशिफल: शनिवार, 26 अप्रैल 2025

मेष :
पिछले कुछ समय से चली आ रही परेशानियों से आज कुछ आराम मिलेगा। थोड़ा समय अपने अंदर झांकने से आपके कई अटके हुए कामों को ठीक करने का मौका मिलेगा। घर के अंदर बदलाव करने की कोई सोच रहे हैं, तो उस पर ध्यान से विचार करें। निश्चित रूप से आपके काम बनेंगे। दूसरों के मामलों में दखल देने का बुरा असर आपके सम्मान पर पड़ सकता है। पैसों के मामले में किसी पर भी भरोसा न करें, इससे आपको आर्थिक नुकसान हो सकता है। बिना सोचे-समझे किसी से भी कोई वादा न करें। व्यापार में सुस्ती रहेगी, लेकिन आप अपनी मेहनत और काबिलियत से काफी हद तक संभाल लेंगे। दिखावे से बचें। साझेदारी से जुड़े काम में पुरानी बुरी बातों को हावी न होने दें और वर्तमान को अच्छा बनाएं। पति-पत्नी के बीच अहंकार से टकराव हो सकता है, लेकिन ध्यान रखें कि इसका असर परिवार पर भी पड़ेगा। प्रेम संबंधों में नजदीकियां बनी रहेंगी। स्वास्थ्य थोड़ा खराब रहेगा। अभी के मौसम से अपना बचाव जरूर करें।
वृष :
कुछ मुश्किलें और परेशानियां बनी रहेंगी, लेकिन समय रहते उन पर ध्यान देने से सफलता भी मिलेगी। लक्ष्य पाने में भाइयों का पूरा सहयोग मिलेगा। खेलकूद जैसी गतिविधियों से जुड़े छात्रों के लिए कुछ मौके आ सकते हैं। जल्दबाजी में काम बिगड़ सकते हैं। कोई भी खास फैसला लेते समय अनुभवी लोगों की सलाह जरूर लें। अपने गुस्से और अहंकार जैसी कमियों पर काबू रखना जरूरी है। आपके स्वभाव की वजह से परेशानियां बढ़ेंगी और लोग भी आपके खिलाफ होंगे। व्यवसाय की सभी गतिविधियों पर अपनी उपस्थिति और पूरी नजर रखना जरूरी है। कुछ लोग जलन की भावना से आपके लिए दिक्कतें पैदा कर सकते हैं। नौकरी करने वाले लोगों को ट्रांसफर या तरक्की से जुड़ी खबर मिलने से राहत मिलेगी। वैवाहिक संबंध मधुर रहेंगे। दोस्तों से मिलना-जुलना तनाव भरे दिन से आराम देगा। सर्दी-गर्मी होने की वजह से गले में संक्रमण और खांसी-जुकाम की समस्या बढ़ सकती है। बिल्कुल भी लापरवाही न करें और सही इलाज कराएं।
मिथुन :
आज जिम्मेदारियों से जुड़े कुछ काम करने में समर्थ रहेंगे। परिवार में कोई झगड़ा चल रहा है, तो आपकी समझदारी से हल होने की संभावना है। दूसरों पर भरोसा करने की बजाय अपने फैसले को ज्यादा महत्व देना ठीक रहेगा। किसी भी मुश्किल स्थिति में गुस्से और जल्दबाजी पर काबू रखें। हालांकि, धैर्य और समझदारी से आप स्थितियों को जल्दी ही सामान्य कर लेंगे। कहीं भी पैसा लगाने से पहले उसके बारे में ठीक से जानकारी जरूर लें। विद्यार्थियों को पढ़ाई पर ज्यादा ध्यान देना होगा। व्यवसाय में अंदरूनी व्यवस्था में सुधार होगा। किसी रुके हुए काम को आगे बढ़ाने के लिए ज्यादा कोशिश करनी होगी और निश्चित रूप से सफलता मिलेगी। लोगों से संपर्क बढ़ाएं। ऑफिस के किसी जरूरी काम को पूरा करने में सफल रहेंगे। वैवाहिक संबंधों में आपसी तालमेल और प्यार बना रहेगा। प्रेम संबंधों में किसी नकारात्मक बात से दूरी आ सकती है। ब्लड प्रेशर और डायबिटीज वाले व्यक्ति अपना नियमित चेकअप कराते रहें। अपनी दिनचर्या और खानपान को सीमित रखना बहुत जरूरी है।
कर्क :
व्यवस्थित दिनचर्या रखना और व्यवहार में मधुरता लाना आपके व्यक्तित्व को और अच्छा बनाएगा। कोई सरकारी काम अटका है तो उसे पूरा करने की कोशिश करें। सफलता मिलने की पूरी उम्मीद है। धार्मिक और आध्यात्मिक गतिविधियों में अच्छा समय बीतेगा। व्यावहारिक बनें, क्योंकि दूसरों पर जरूरत से ज्यादा भरोसा करना आपके लिए परेशानी का कारण बन सकता है। इसलिए सावधान रहें। किसी भी तरह की दुविधा की स्थिति में परिवार के अनुभवी और बड़े लोगों की सलाह लेना आपके लिए फायदेमंद रहेगा। आयात-निर्यात के व्यवसाय में तेजी आएगी। टैक्स और लोन से जुड़े मामलों को तुरंत निपटाने की कोशिश करें। काम करने वाली महिलाओं को घर और व्यवसाय में तालमेल रखने में दिक्कतें आ सकती हैं। सरकारी नौकरी में काम का बोझ ज्यादा रहेगा। कुछ समय परिवार के सदस्यों के साथ भी जरूर बिताएं। इससे आपसी संबंधों में और नजदीकियां आएंगी। शाम को दोस्तों के साथ मिलना-जुलना भी होगा। पैरों और घुटनों में दर्द जैसी शिकायत रहेगी। अच्छा भोजन लें और योगा व व्यायाम में भी कुछ समय दें।
सिंह :
पारिवारिक या सामाजिक गतिविधियों में आपका पूरा सहयोग रहेगा। आपकी कार्य कुशलता और योग्यता की तारीफ होगी। अपनी पसंद के और रचनात्मक काम में कुछ समय बिताने से मन को शांति मिलेगी। अपनी आर्थिक गतिविधियों पर ज्यादा ध्यान दें। खर्चों के मामले में ज्यादा उदार न रहें और न ही दूसरों के मामले में दखल दें। हालांकि आपके द्वारा दिए गए सुझाव से काफी हद तक संबंधों में सुधार आएगा। पड़ोसियों के साथ तालमेल बनाकर रखने में आपको पहल करनी होगी। कार्यस्थल पर आपका दबदबा बना रहेगा। हालांकि आप अपना ज्यादा समय नहीं दे पाएंगे, लेकिन कर्मचारियों के साथ अच्छा तालमेल बनाकर रखने से काम ठीक तरह से होते जाएंगे। इस समय मार्केटिंग से जुड़े कामों पर भी ध्यान दें। नौकरी करने वाले लोगों पर काम को लेकर बड़े अधिकारियों का दबाव बना रहेगा। किसी पुराने दोस्त के मिलने से अच्छी पुरानी यादें ताजा होंगी। घर के सदस्यों में भी आपसी तालमेल प्रेम भरा बना रहेगा। अविवाहित लोगों के लिए कोई अच्छी खबर आ सकती है। मानसिक शांति और सुकून के लिए कुछ समय प्रकृति के पास बिताएं और सकारात्मक रहें।
कन्या :
आज पूरे दिन घर की व्यवस्था और सुधार से जुड़े कामों में व्यस्तता रहेगी। अनुभवी लोगों की सलाह मानना फायदेमंद रहेगा। बच्चों के साथ बैठकर उनकी समस्याओं का समाधान करने से उनमें खुशी और आत्मविश्वास बढ़ेगा। किसी करीबी रिश्तेदार के साथ किसी बात पर अनबन हो सकती है, इसलिए अपने गुस्से पर काबू रखें और शांतिपूर्ण तरीके से समस्याओं को सुलझाने की कोशिश करें। युवा वर्ग लापरवाही की वजह से अपने लक्ष्य से भटक सकते हैं। व्यवसाय में आपकी या कर्मचारियों की लापरवाही से कुछ दिक्कतें आएंगी। सामान से जुड़ी कोई शिकायत आने से नुकसान हो सकता है। नौकरी करने वाले लोग भी ध्यान रखें कि आपकी छोटी सी लापरवाही मुसीबत का कारण बनेगी। यह समय बहुत ध्यान से बिताने का है। परिवार में सुख-शांति का माहौल रहेगा। आर्थिक स्थिति सामान्य होने की वजह से खर्चों में कटौती करनी पड़ेगी। स्वास्थ्य से जुड़ी कोई भी समस्या होने पर तुरंत अपनी जांच करवाएं और इलाज में लापरवाही न करें।
तुला :
कोई मुश्किल स्थिति आने पर तनाव लेने की बजाय सकारात्मक रहें। इससे आपका मनोबल और आत्मविश्वास बढ़ेगा। घर के बड़े बुजुर्गों का आशीर्वाद और प्यार भी बना रहेगा। कहीं दिया हुआ पैसा वापस मिलने से आर्थिक चिंता दूर होगी। अनजान और अपरिचित लोगों से व्यवहार और लेन-देन में सावधानी बरतें। आप किसी साजिश का शिकार भी हो सकते हैं। इसलिए बेहतर है कि बुरे लोगों की संगत से दूर रहें। बड़े बुजुर्गों के स्वास्थ्य का ध्यान रखना जरूरी है। किसी बड़े अधिकारी या राजनीतिक व्यक्ति से मुलाकात से आपके काम आसानी से बन सकते हैं, लेकिन कई मामलों में आपका अभिमान ही आपकी तरक्की में रुकावट बनेगा। इसलिए अपने व्यवहार को थोड़ा लचीला बनाकर रखें। लव: पति-पत्नी आपसी सहमति से कोई अच्छा फैसला लेंगे। लव पार्टनर के साथ लंबी ड्राइव पर जाने का मौका मिल सकता है। डायबिटीज और ब्लड प्रेशर से संबंधित लोग अपना खास ध्यान रखें। घर के किसी बड़े सदस्य के स्वास्थ्य को लेकर चिंता रह सकती है।
वृश्चिक :
बुजुर्गों का सम्मान करें। उनके आशीर्वाद और मदद से आप भाग्यशाली रहेंगे। किसी से वादा किया है, तो उसे जरूर निभाएं। आपका मान-सम्मान और रुतबा बना रहेगा। फाइनेंस से जुड़े कामों में लापरवाही न करें, नुकसान होने की आशंका है और इसकी वजह से घर में भी तनाव हो सकता है। कभी-कभी आपकी शक करने की आदत आपके और दूसरों के लिए परेशानी का कारण बन जाती है। इसलिए अपने विचारों को सकारात्मक रखना बहुत जरूरी है। व्यावसायिक कामकाज में अचानक सुधार आएगा। मीडिया और कंप्यूटर से जुड़े व्यवसाय आज बहुत ज्यादा मुनाफा कमाएंगे। नौकरी करने वाले लोगों का भी कोई लक्ष्य पूरा होने से तरक्की के पूरे अवसर बन रहे हैं। परिवार में आपसी तालमेल बनाए रखने में आपकी महत्वपूर्ण भूमिका रहेगी। लव पार्टनर के साथ घूमने-फिरने का कार्यक्रम बनेगा। ब्लड प्रेशर और थायराइड जिन लोगों को है, वे लोग लापरवाही न बरतें। अभी के मौसम की वजह से इस तरह की समस्याएं बढ़ सकती हैं।
धनु :
कोई भी काम करने से पहले उसका सही तरीका बनाना आपको गलती होने से बचाएगा। आप अपनी कार्य क्षमता और योग्यता से कुछ ऐसे अच्छे नतीजे हासिल करेंगे, जिसकी वजह से परिवार और करीबी रिश्तेदारों के बीच आपका मान-सम्मान भी बढ़ेगा। अपनी दिनचर्या को व्यवस्थित बनाकर रखना बहुत जरूरी है, नहीं तो लापरवाही की वजह से आपका कोई महत्वपूर्ण काम छूट सकता है। बच्चों की गतिविधियों और दोस्तों पर कड़ी नजर रखने की जरूरत है। आज कहीं आने-जाने से बचें। व्यवसाय में कोई भी नया काम शुरू करने से पहले ठीक से सोच-विचार जरूर करें। मीडिया, शेयर, कंप्यूटर आदि से जुड़े व्यवसाय सफल रहेंगे। आर्थिक स्थिति बेहतर बनेगी। नौकरी करने वाले लोगों को कोई खास अधिकार मिल सकता है। घर के बड़े बुजुर्गों का हमेशा आशीर्वाद बना रहेगा। प्रेम संबंधों के मामले में आप भाग्यशाली रहेंगे। चोट लगने जैसी स्थिति बन रही है। गाड़ी सावधानी से चलाएं और जोखिम भरे कामों से दूर रहें।
मकर :
घर के बड़े लोगों का मार्गदर्शन बना रहेगा। आज सुबह-सुबह ही कोई अच्छी खबर मिलने से मन खुश रहेगा और इस वजह से कई जरूरी फैसले लेने में भी आपको आसानी होगी। युवाओं को अपनी योग्यता के अनुसार अच्छे परिणाम मिलने वाले हैं। किसी दोस्त या रिश्तेदार के वैवाहिक जीवन में कुछ तनाव आने से चिंता रहेगी। बाहरी लोगों के दखल से समस्या और बढ़ सकती है इसलिए सावधान रहें। आमदनी के मुकाबले खर्चों के ज्यादा रहने से आर्थिक संतुलन बिगड़ सकता है। कारोबार से जुड़े किसी योजना को आज पूरा करने में सफल रहेंगे और इसमें काफी हद तक सफलता भी मिलेगी, लेकिन अपनी व्यवसायिक योजनाओं को गुप्त ही रखें, कोई इसका गलत इस्तेमाल कर सकता है। नौकरी में तबादले से जुड़ी गतिविधियां अभी रुकी रहेंगी। वैवाहिक संबंधों में मधुरता रहेगी और पारिवारिक माहौल भी खुशनुमा रहेगा। घर में किसी बच्चे के आने की अच्छी खबर मिलने से उत्सव जैसा माहौल रहेगा। मौसम के बुरे असर से बचने के लिए देसी और आयुर्वेदिक चीजों का ज्यादा सेवन करें।
कुंभ :
आज कुछ पुराने दोस्तों के मिलने से कुछ अच्छी पुरानी यादें ताजा होंगी, जिससे मन को खुशी रहेगी। आपकी कोई प्रॉपर्टी या किसी खास चीज की खरीद-बिक्री से जुड़ा काम पूरा होने वाला है, इसलिए पहले से ही उस पर पूरा काम करके रखें। इस समय कहीं भी आने-जाने या यात्रा करने से बचें और ज्यादातर समय अपने घर पर ही बिताएं, क्योंकि किसी तरह के झगड़े होने की आशंका लग रही है। फाइनेंस से जुड़ी भी कोई चिंता रह सकती है। किस्मत साथ देगी। कार्यक्षेत्र में आपका काम करने का तरीका बहुत ही अच्छा रहेगा जिससे उत्पादन क्षमता भी बढ़ेगी और भविष्य में जल्दी ही फायदेमंद स्थितियां बनेंगी। लेकिन हर फैसला खुद ही लें तो बेहतर है। अलग-अलग तरीकों से आमदनी हो सकती है। घर-परिवार के प्रति जीवनसाथी का सहयोग और सेवा भाव आपको मानसिक रूप से शांति देगा। प्रेम संबंधों में मधुरता बनी रहेगी। स्वास्थ्य ठीक रहेगा। असंतुलित खानपान की वजह से जलन और एसिडिटी की समस्या बढ़ सकती है। तरल पदार्थों का ज्यादा से ज्यादा सेवन करें।
मीन :
परिवार से जुड़ा कोई भी जरूरी फैसला लेते समय अपनी उपस्थिति जरूर रखें। इससे संबंधों में मधुरता बढ़ेगी। फाइनेंस से जुड़े महत्वपूर्ण फैसले लेने से सकारात्मक नतीजे मिलेंगे। युवाओं का किसी योजना के पूरा होने से आत्मविश्वास बढ़ेगा। ज्यादा सोच-विचार न करके तुरंत फैसला लें। निजी या व्यावसायिक तनाव की वजह से घर के माहौल पर भी असर पड़ेगा। बिना वजह की यात्राओं से बचें, क्योंकि इसमें पैसा और समय बेकार ही होगा। व्यावसायिक कामकाज में सुधार आएगा और आपको अपनी मेहनत के अनुसार परिणाम भी मिलेंगे। युवा वर्ग को किसी निजी समस्या की वजह से करियर से जुड़ी रुकावट का सामना करना पड़ सकता है। अभी बहुत ज्यादा मेहनत की जरूरत है। पारिवारिक माहौल सुखद और शांति से भरा रहेगा। बेकार के प्रेम संबंधों और मनोरंजन आदि पर समय बर्बाद न करें। जोड़ों में दर्द और ब्लड प्रेशर जैसी समस्या बढ़ सकती है। अपने स्वास्थ्य के प्रति सजग और गंभीर रहें।
