शर्मनाक: कमरे में मिली भाजपा नेत्री की लाश, हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार

शर्मनाक: कमरे में मिली भाजपा नेत्री की लाश, हत्या के आरोप में बेटी गिरफ्तार
Spread the love

 

नयी दिल्ली। इंसान के दिलो-दिमाग पर जब स्वार्थ और लालच घर बना लेते हैं तो सामाजिक व पारिवारिक रिश्तों की कोई कीमत नहीं रह जाती। देश की राजधानी दिल्ली में हुई हत्या की एक घटना ऐसा ही कुछ कहती है। ममता और प्यार के रंगों से सराबोर मां-बेटी के रिश्तों को तार-तार करने वाली यह खबर दिल को झकझोर देने वाली है। यहां मदनगीर इलाके में रहने वाली BJP नेत्री की उसकी ही बेटी ने हत्या कर दी। हत्या का तरीका और हत्या का कारण और भी हैरान कर देने वाला है।
दिल्ली के अंबेडकर नगर इलाके से BJP के टिकट पर पार्षद का चुनाव लड़ चुकी बीजेपी नेत्री सुधा रानी की लाश उन के घर पर कमरे में पाई गई तो इलाके में हड़कंप मच गया। सुधारानी की गला रेतकर हत्या की गई थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जब मामले की जांच शुरू की तो उसका शक BJP नेत्री की बेटी देवयानी पर गया। देवयानी से पूछताछ शुरू हुई तो बड़े चौंकाने वाले खुलासे हुए।
पुलिस की पूछताछ में पता चला कि देवयानी अपने पति को छोड़कर अपने प्रेमी के साथ दिल्ली के दक्षिणपुरी में रहा करती थी। उसकी मां को इस बात से ऐतराज था। उन्होंने देवयानी को प्रॉपर्टी से बेदखल करने की धमकी दी तथा खर्चा देना भी बंद कर दिया। इस की वजह से देवयानी अपनी मां से नाराज हो गई। उसके बाद उसने मां को ठिकाने लगाने की ठान ली। फिर उसने अपनी जान पहचान वाले एक शख्स की सहायता से वारदात को अंजाम दिया।
पुलिस के अनुसार, शुरुआत में जब देवयानी से इस मामले में पूछताछ की गई तो वह बार-बार अपना बयान बदलने लगी। फिर पुलिस ने जब सख्ती से पूछताछ शुरू की तो देवयानी ने सारा सच उगल दिया। उसने बताया कि उसने अपने प्रेमी के दोस्त कार्तिक के साथ मिलकर हत्या की इस वारदात को अंजाम दिया। देवयानी के अनुसार, पहले उसने अपनी मां और मामा को नींद की गोलियां दे दीं, जिससे मामा दूसरे कमरे में सोता रहा और देवयानी ने कार्तिक को बुलाकर अपनी ही मां का गला रेत कर हत्या कर दी। उसके बाद दोनों ने घर से सारा कैश और जेवरात लूट लिए जिससे कि यह पूरा मामला लूट का लगे। लुटेरों के द्वारा ही महिला की हत्या किए जाने का अनुमान लगे। लेकिन लाख कोशिशों के बाद भी कातिल पुलिस की जांच से पकड़ में आ ही गये।

Parvatanchal