स्वाहा: ज्योलीकोट में दीपावली के सामान से लदे ट्रक में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख

स्वाहा: ज्योलीकोट में दीपावली के सामान से लदे ट्रक में भीषण आग, लाखों का माल जलकर राख
Spread the love

 

पटाखों जैसी आवाजों से दहशत, स्थानीय लोगों, पुलिस और दमकल कर्मियों ने संभाला मोर्चा

नैनीताल। नैनीताल जिले के ज्योलीकोट क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्ग-109 पर मंगलवार तड़के दीपावली के सामान से लदे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पूरे ट्रक को अपनी चपेट में ले लिया और उसमें रखा सामान जलकर राख हो गया। आग के दौरान पटाखों जैसी तेज आवाजें सुनाई देने से सड़क पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। गनीमत रही कि स्थानीय लोगों की मदद से चालक को सुरक्षित बाहर निकालने में सहायता मिली।
जानकारी के अनुसार, ट्रक हल्द्वानी से अल्मोड़ा जिले के द्वाराहाट की ओर जा रहा था। ट्रक में दीपावली के लिए पेंट, खाद्य सामग्री, वाशिंग मशीन और अन्य इलेक्ट्रॉनिक उपकरण लदे हुए थे। मंगलवार तड़के ज्योलीकोट के पास अचानक ट्रक में आग लग गई। आग लगने के कारणों का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।

आग तेजी से फैलने के साथ ही ट्रक में रखे सामान से पटाखों जैसी आवाजें आने लगीं। शुरुआत में सड़क पर मौजूद लोग इन आवाजों को पटाखे फूटने की आवाज समझते रहे, लेकिन ट्रक से उठती आग की लपटों और धुएं को देखकर स्थिति की गंभीरता का अंदाजा हुआ। एहतियातन सड़क के दोनों ओर यातायात रोक दिया गया, जिससे वाहनों की आवाजाही प्रभावित हुई।

घटना की सूचना मिलने पर ज्योलीकोट पुलिस और दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों ने भी राहत एवं बचाव कार्य में सहयोग किया। चालक दीप सिंह बिष्ट को बाहर निकालने में स्थानीय लोगों ने मदद की। हालांकि, ट्रक में लदा सामान आग की चपेट में आकर बुरी तरह नष्ट हो गया।

आग बुझाने और राहत कार्य में स्थानीय निवासी पूरन, अंशु, सचिन, भीम सिंह रावत, सुमित और पुष्कर के साथ पुलिसकर्मी प्रदीप सिंह, मलकीत कंबोज और अनूप सिंह ने सहयोग किया। दमकल विभाग की ओर से हरनाम राणा, महेश जोशी, मोहन सिंह, वीरेश कुमार और जितेंद्र सिंह सहित अन्य कर्मी मौके पर जुटे रहे।

फिलहाल आग लगने के वास्तविक कारण और नुकसान का आधिकारिक आकलन सामने नहीं आया है। घटना के बाद राजमार्ग पर कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल रहा।

Parvatanchal