दुखद: पेड़ से टकराई कार, हादसे में चार दोस्तों की दर्दनाक मौत
हल्द्वानी। यहां दिन भर मतदान की गहमा-गहमी के बाद सोमवार की रात क्षेत्र के लिए एक मनहूस खबर की गवाह बन गई। कार से घूमने को निकले यहां के चार युवकों की सोमवार देर रात हुए भीषण सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। एसटीएच में भर्ती कराए गए हादसे में घायल पांचवें युवक की हालत भी चिंताजनक बताई जा रही है। युवकों की मौत की खबर मिलने के बाद से मृतकों के स्वजनों में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक, आपस में दोस्त कार्तिक डोभाल पुत्र राजेश डोभाल, चित्रेश गुप्ता पुत्र राजेश गुप्ता निवासी बद्रीपुरा, अक्षय अहुजा पुत्र महेश अहुजा निवासी पीली कोठी व प्रियांशु बिष्ट और कमलेश पांडेय सोमवार रात कार से शहर घूमने निकले थे। इसी दाैरान कुंवरपुर चौराहा स्थित सरोवर एंड स्वीट रेस्टोरेंट के पास उनकी तेज रफ्तार कार आम के पेड़ से टकरा गई। इससे कार के परखच्चे उड़ गए। आपसपास मौजूद लोगों ने सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद काठगोदाम थाना प्रभारी प्रमोद पाठक पूरी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। घायलों को शहर के एक निजी अस्पताल में पहुंचाया गया, जहां डाक्टरों ने कार्तिक डोभाल, चित्रेश गुप्ता, अक्षय अहुजा व प्रियांशु बिष्ट को मृत घोषित कर दिया। कमलेश पांडेय को गंभीर हालत में एसटीएच रेफर किया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है।

