उत्साह: होली पर रहेगी सरोवर नगरी सैलानियों से पैक, व्यापारियों में उत्साह का माहौल

उत्साह: होली पर रहेगी सरोवर नगरी सैलानियों से पैक, व्यापारियों में उत्साह का माहौल
Spread the love

 

नैनीताल। होली के साथ लंबे वीकेंड के आने से सरोवर नगरी अगले वीकेंड पर सैलानियों से पैक रहेगी। नगर के उच्च स्तरीय बड़े होटल अभी से एडवांस में पैक हो चले हैं।
शनिवार को नगर में सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक रही, जिससे पर्यटन कारोबार में एकाएक तेजी आ गई। होली पर्व में सैलानियों की भीड़ उमड़ने का प्रचलन पिछले एक दशक से भी अधिक समय से जारी है, जो इस बार भी बड़े पैमाने पर रहने की संभावना है।
नगर के दर्जनभर से अधिक अत्याधुनिक सुविधाओं वाले होटलों में 70 प्रतिशत से अधिक कमरे अभी से बुक हो चुके हैं, जबकि मध्यम स्तर के होटलों में भी कई होटल एडवांस में बुक हो गए हैं।
अगले सप्ताह तक नगर के अधिकांश होटल पैक होने की संभावना है। एडवांस बुकिंग के चलते वॉकिंग पर्यटकों को कमरा तलाश करने में मशक्कत करनी पड़ेगी। एडवांस बुकिंग के चलते पर्यटन कारोबारी बेहद खुश हैं और सैलानियों के होली सेलिब्रेशन की तैयारियों में जुट गए हैं।
नैनी रिट्रीट के महाप्रबंधक डीएस जीना व नमः नैनीताल के महाप्रबंधक नरेश गुप्ता के अनुसार सैलानियों के अबीर गुलाल के साथ कुमाऊनी परंपरा के अनुसार होली मनाने का आयोजन किया जा रहा है।
इधर नगर में शुक्रवार और शनिवार को सैलानियों की आमद बढ़ने से रौनक रही। स्नोव्यू, चिड़ियाघर, केव गार्डन, बॉटनिकल गार्डन, वाटरफाल समेत मसलरोड में खड़ी रंगत नजर आई। नौकविहार करने वाले सैलानी भी बड़ी संख्या में नजर आए। शनिवार को सैलानियों की आमद अधिक बढ़ने की उम्मीद पर्यटन कारोबारियों ने जताई है।
होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन अध्यक्ष दिग्विजय सिंह बिष्ट ने कहा कि होली पर सैलानियों के भारी संख्या में उमड़ने की उम्मीद है। जिस कारण प्रशासन को ट्रैफिक व्यवस्था सुचारू ढंग से संचालित करने के लिए अभी से तैयारियां करनी होगी। ताकि सैलानियों को किसी तरह की परेशानी ना हों।

Parvatanchal

error: कॉपी नहीं शेयर कीजिए!