समर्थन: अब भाजपा की इस मशहूर फिल्म अभिनेत्री ने थामा कांग्रेस का हाथ
देहरादून। उत्तराखंड के चुनावी समय में कांग्रेस के दिग्गज नेता एवं पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत का जलवा देखते ही बनता है। उनके समर्थन में विभिन्न राजनैतिक दलों और सामाजिक व मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों का कांग्रेस से जुड़ने का सिलसिला जारी है। मशहूर गायक कैलाश खेर द्वारा हरदा के लिए एक वीडियो गीत जारी करने के तुरंत बाद भारतीय फिल्म जगत की जानी मानी हस्ती तथा अभिनेत्री और भाजपा की पूर्व स्टार प्रचारक रिमी सेन कांग्रेस में शामिल हो गई हैं। पूर्व मुख्यमंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष हरीश रावत ने उन्हें कांग्रेस में शामिल किया।
पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने कहा कि पूरा उत्तराखंड परिवर्तन की ओर दौड़ रहा है। परिवर्तन के इस अभियान में भाजपा की पूर्व स्टार प्रचारक रिमी सेन का बतौर कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल होने का पार्टी स्वागत करती है। पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने पोस्ट शेयर करते हुए और वीडियो जारी करते हुए लिखा है- ‘फिल्म जगत की एक जानी-मानी अभिनेत्री और बीजेपी की पूर्व में स्टार प्रचारक आज कांग्रेस में शामिल हो रही हैं। परिवर्तन को गति देने के लिए रिमी सेन जी उत्तराखंड कांग्रेस के लिए स्टार प्रचारक के तौर पर अपनी भूमिका निभाएंगी। मैं उनका बहुत-बहुत स्वागत करता हूं।’

