शिकंजा: अल्मोड़ा और पिथौरागढ़ में पुलिस ने पकड़ी अवैध शराब, दो लोगों को किया गिरफ्तार
अल्मोड़ा। जिले में निकाय चुनावों के दृष्टिगत अपराध नियंत्रण और शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देवेन्द्र पींचा ने सभी थाना/चौकी व एसओजी/एएनटीएफ प्रभारियों को विशेष रूप से सख्त चेकिंग अभियान चलाने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत अवैध मादक पदार्थों की तस्करी और बिक्री पर कड़ी नजर रखी जा रही है। इसी क्रम में थाना चौखुटिया के प्रभारी सतीश चन्द्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने रविवार को ग्राम नवाड़ छिताड़ में अभियान चलाया। चेकिंग के दौरान, एक व्यक्ति के पास से 51 पव्वे अवैध अंग्रेजी शराब (मैकडॉवेल रम) बरामद की गई। मामले में थाना चौखुटिया में धारा 60 आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान पूरन (उम्र 50 वर्ष), निवासी नवाड़ छिताड़, चौखुटिया, अल्मोड़ा के रूप में हुई है। चौखुटिया पुलिस टीम में अपर उपनिरीक्षक गणेश कुमार, हेड कांस्टेबल इन्द्र सिंह कोश्यारी, और कांस्टेबल मनोज कुमार शामिल रहे।
वहीं, पिथौरागढ़ संवाददाता के अनुसार, नगर में पुलिस ने एक कार से तीन पेटी अंग्रेजी शराब पकड़ी। कोतवाल ललित मोहन के नेतृत्व में जाखनी तिराहे में चलाए गए अभियान के दौरान सूरज जोशी उर्फ सतीश चन्द्र जोशी, निवासी फगाले थरकोट के पास से शराब बरामद हुई। पुलिस ने संबंधित के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया है।

