सबक: युवती ने निकाल दी मनचले की हेकड़ी, रास्ता रोकने पर की धुनाई तो आरोपी को मांगनी पड़ी माफ़ी
हरिद्वार। खड़खड़ी में एक अजीबोगरीब मामला सामने आया, जहां एक युवती ने अपना रास्ता रोकने वाले युवक की जमकर पिटाई कर दी। घटना के बाद मामला पुलिस तक पहुंचा, लेकिन बाद में युवक ने माफी मांगकर मामला सुलटा लिया। जानकारी के अनुसार, रविवार की रात को खड़खड़ी में एक युवती अपने घर की ओर जा रही थी, तभी एक युवक ने उसका रास्ता रोक लिया। युवती ने विरोध किया, लेकिन युवक ने उसकी बात नहीं मानी। इससे नाराज युवती ने युवक की पिटाई कर दी। घटना के बाद युवती ने पुलिस को सूचना दी, जिस पर पुलिस पहुंच गई, लेकिन इससे पहले स्थानीय लोग पहले ही आ चुके थे। तभी युवक का रिश्ते का चाचा भी आ पहुंचा, इसके बाद उसने माफी मांगकर मामला सुलटा लिया। इधर चौकी प्रभारी संजीत कंडारी ने बताया कि दोनों पक्षों ने स्वयं ही आपस में समझौता कर लिया था।
दूसरी तरफ, सड़क दुर्घटना में घायल एक व्यक्ति की अस्पताल में मौत हो गई। परिजन की शिकायत पर रानीपुर पुलिस ने इस संबंध में शिकायत दर्ज कर ली है। कोतवाली रानीपुर में मुकदमा दर्ज कराते हुए शुभम कुमार पुत्र संजय कुमार यादव, ग्राम पोस्ट धारिपुर हराजी, थाना दिघवारा सारण (बिहार) ने बताया कि उसके मामा राजेन्द्र प्रसाद यादव एक कंपनी में कार्यरत थे। आरोप है कि 18 जनवरी को उसके मामा कंपनी से डयूटी खत्म होने के बाद वापस लौट रहे थे। जैसे ही वह अशोक वाटिका सलेमपुर के पास पहुंचे तभी एक तेज रफ्तार कार ने टक्कर मार दी। गंभीर रूप से घायल होने के बाद उन्हें एम्स ऋषिकेश में भर्ती कराया, जहां उनकी मौत हो गई। एसएसआई मनोहर सिंह रावत ने बताया कि दुर्घटनास्थल से फरार होने में कामयाब रहे कार चालक की तलाश कर रहे है। घटनास्थल के आस पास के सीसीटीवी कैमरे की फुटेज चेक की जा रही है।

