आक्रोश: नगर निगम कार्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने किया प्रदर्शन
वार्डों के परिसीमन में धांधलेबाजी का लगाया आरोप
देहरादून। नगर निगम के वार्डों के परिसीमन के मामले में धांधली का आरोप लगाते हुए कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नगरनिगम अधिकारियों का घेराव किया और कार्यालय पर प्रदर्शन भी किया। इस मौके पर कांग्रेस महानगर अध्यक्ष डाॅ गोगी ने कहा कि निगम प्रशासन कांग्रेस के कार्यकर्ताओं को परिसीमन पर जरूरी सूचनाएं भी नहीं दे रहे थे। जहां जहां परिसीमन पर आपत्ति दाखिल की गई थी, वहां भी अधिकारी कांग्रेस कार्यकर्ताओं का पक्ष नाममात्र के लिए सुनकर आपत्ति कागजों के ढेर में दबाते रहे। भाजपा कार्यकर्ताओं को तो पूरी जानकारी उपलब्ध कराई गई है परंतु कांग्रेस कार्यकर्ताओं से कोई जानकारी साझा नहीं की गई। वार्डों के परिसीमन पर जो आपत्तियां पार्टी कार्यकर्ताओं ने दाखिल की हैं, उन पर भी कोई ध्यान नहीं दिया गया। ऐसे में साफ-साफ लगता है कि परिसीमन के कार्य में प्रशासन भाजपा सदस्यों को लाभ पहुंचा रहा है। निकायों में परिसीमन और आरक्षण तय करने का काम सत्ताधारी दल को लाभ पहुंचाने के लिए किया गया है।
प्रदर्शन के बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने परिसीमन तथा आरक्षण पर आपत्ति दर्ज करते हुए स्ट्रीट लाइट की मरम्मत, सड़कों के पैचवर्क आदि के कार्यों को तत्काल पूरा करने के लिए नगर निगम प्रशासक को ज्ञापन भी सौंपा। इस अवसर पर मनीष नागपाल, निवर्तमान पार्षद नीनू सहगल, रमेश कुमार मंगू , अमित भंडारी, महेंद्र सिंह रावत, सचिन थापा, अभिनव थापर, सोनिया आनंद, कोमल वोहरा, संगीता गुप्ता, इलियास अंसारी, हुकुम सिंह गडिया, सागर लाम्बा, मुकेश सोनकर,मोहन गुरुंग, राजकुमार जयसवाल,देवेंद्र कुमार, रिपदमन,जगदीश दीवान, नीरज भंडारी, रोबिन त्यागी, ललित भद्री, अरविंद गुरुंग, मोहम्मद फ़ारुख़, अर्जुन पासी, शुभम चौहान, पिंटु मोय, पूनम कंडारी व विनीत भट्ट आदि उपस्थित थे।

