सख़्ती: यात्रा के साथ-साथ कांवड़ियों की हुड़दंगबाजी भी शुरू, डीजीपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश

सख़्ती: यात्रा के साथ-साथ कांवड़ियों की हुड़दंगबाजी भी शुरू, डीजीपी ने दिए कड़ी कार्रवाई के निर्देश
Spread the love

 

देहरादून। कावड़ यात्रा का आगाज 22 जुलाई से हो चुका है। रोजाना लाखों की संख्या में श्रद्धालु गंगा जल लेने विभिन्न राज्यों व क्षेत्रों से हरिद्वार पहुंच रहे हैं, लेकिन उनमें से कुछ अराजक प्रवृत्ति के कांवड़िए उत्पात मचाकर यात्रा में विघ्न डालने का काम कर रहे हैं। इस तरह की तमाम घटनाओं का डीजीपी अभिनव कुमार ने संज्ञान लेते हुए पुलिस को दिशा-निर्देश जारी किए हैं कि कोई भी कथित शिव भक्त इस तरह का उत्पात मचाता है तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाए।
डीजीपी अभिनव कुमार ने कहा है कि उत्तराखंड शांति प्रिय प्रदेश है। यदि आस्था के नाम पर कुछ लोग यहां हिंसक उत्पात मचाकर माहौल बिगाड़ने की कोशिश करते हैं तो उनके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। जिस क्रम में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार प्रमेंद्र सिंह डोबाल ने भी सभी शिव भक्तों से शांति बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि यदि किसी कांवड़ यात्री के साथ कोई घटना होती है तो तत्काल पुलिस को सूचित करें। पुलिस उस पर तत्काल कार्रवाई करेगी, लेकिन कोई शिव भक्त के रूप में कानून हाथ में लेता है तो उनके वीडियो के आधार पर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बता दें कि कांवड़ यात्रा को शुरू हुए अभी महज दो दिन ही हुए हैं, लेकिन बीते दो दिनों में उत्तराखंड में भी ऐसी कुछ घटनाएं सामने आई हैं, जिनका पुलिस मुख्यालय ने गंभीरता से संज्ञान लिया है। उत्पात मचाने वाले कांवड़ियों को चिन्हित किया जा रहा है। पुलिस मुख्यालय ने कहा है कि हंगामा मचाने वाले कांवड़िए शिव भक्त नहीं हो सकते, ऐसे लोग यात्रा में आ रहे लोगों को बदनाम कर रहे हैं। पुलिस ने सभी कांवड़ यात्रियों से अपनी यात्रा में संयम बनाए रखने की अपील की है।

Parvatanchal