दहशत: लापता ग्रामीण को खोजने जलाशय में चला सर्च अभियान, मगरमच्छ खींच ले गया था पानी में
रुद्रपुर। नानकसागर में पुलिस प्रशासन ने ग्रामीण को खोजने के लिए दूसरे दिन भी सर्च अभियान चलाया। शनिवार को मवेशियों को चराकर वापस लौट रहे ग्रामीण को मगरमच्छ खींचकर नानकसागर जलाशय में ले गया था।शनिवार को दोपहर में 40 वर्षीय विजय साहनी पुत्र बनारसी निवासी भड़ा भुड़िया खटीमा पशुओं को चराकर घर लौट रहा था। रास्ते में नानकसागर जलाशय के किनारे मवेशी पानी पीने लगे थे। इस दौरान विजय भी वहीं खड़ा था। अचानक मगरमच्छ ने गाय पर हमला कर दिया। गाय तो बचकर निकल गई। मगरमच्छ ने गाय के बाद विजय पर हमला कर दिया। मगरमच्छ विजय को गहरे पानी में खींचकर ले गया। नानकमत्ता पुलिस की टीम ने एसओ देवेंद्र गौरव के नेतृत्व में सर्च अभियान चलाया, लेकिन कोई पता नहीं चला। रविवार को पुलिस ने दोबारा अभियान चलाया, लेकिन विजय का पता नहीं चला। खटीमा के विधायक भुवन कापड़ी भी रविवार को मौके पर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अफसरों और परिजनों से वार्ता की। उन्होंने पुलिस को अभियान जारी रखने के निर्देश दिए। घटनास्थल पर परिजन और ग्रामीण डटे हुए हैं। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
आंगन में मगरमच्छ घुसने से हड़कंप
उधर , नगरपालिका के वार्ड संख्या आठ में एक घर के आंगन में शनिवार देर रात मगरमच्छ घुसने से हड़कंप मच गया। सुबह चार बजे पहुंची वन विभाग की टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद पांच मीटर लंबे मगरमच्छ को काबू में कर लोहियाहेड सूखी नहर में छोड़ दिया है। जानकारी के अनुसार, नगरपालिका के वार्ड 8 अमाऊं में शनिवार देर रात एक व्यक्ति के घर के आंगन में बड़ा मगरमच्छ घुस आया। इससे आसपास के इलाके में हड़कंप मच गया। वार्डवासी डर के कारण रातभर जागते रहे। सूचना के बाद सुबह 4 बजे वन दरोगा नित्यानंद के नेतृत्व में टीम मौके पर पहुंची। घंटों की मशक्कत के बाद मगरमच्छ को पकड़ा जा सका। पकड़े गए मगरमच्छ को देखने के लिए लोगों की भीड़ लग गयी। बाद में टीम ने पकड़े गए मगरमच्छ को सूखी नहर में छोड़ दिया।

