खास खबर: संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष

खास खबर: संजय सिंह बने भारतीय कुश्ती संघ के नए अध्यक्ष
Spread the love

नई दिल्ली। भाजपा नेता बृज भूषण शरण सिंह के करीबी संजय सिंह भारतीय कुश्ती महासंघ के अध्यक्ष बन गए हैं। उत्तर प्रदेश कुश्ती संघ के उपाध्यक्ष संजय सिंह ने अध्यक्ष पद के चुनाव में राष्ट्रमंडल खेलों की स्वर्ण पदक विजेता अनीता श्योराण को हरा दिया है। संजय सिंह सबसे पहले 2008 में वाराणसी कुश्ती संघ के जिला अध्यक्ष बने थे। उसके बाद जब यूपी में साल 2009 में कुश्ती संघ बना तो बृजभूषण शरण सिंह प्रदेश अध्यक्ष बने थे और संजय सिंह उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी संभाली थी। संजय सिंह डब्ल्यूएफआई की पिछली कार्यकारी परिषद का हिस्सा थे। वह 2019 से राष्ट्रीय महासंघ के संयुक्त सचिव भी थे। दूसरी तरफ श्योराण को देश के चोटी के पहलवानों का समर्थन हासिल था, जिन्होंने बृजभूषण पर महिला पहलवानों का यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया था। अगर अनीता श्योराण ये चुनाव जीततीं, तो वो पहली महिला पहलवान होती जो भारतीय कुश्ती संघ के पद पर विराजमान होती।
अनीता श्योराण, बृजभूषण सिंह की कट्टर विरोधी मानी जाती हैं। ओलंपिक पदक विजेता बजरंग पूनिया और साक्षी मलिक तथा विश्व चैंपियनशिप की पदक विजेता विनेश फोगाट सहित कई शीर्ष पहलवानों ने बृजभूषण के खिलाफ जंतर मंतर पर धरना प्रदर्शन किया था। उन्होंने बृजभूषण के परिवार या उनके किसी सहयोगी को चुनाव में उतरने की अनुमति नहीं देने की मांग की थी।

Parvatanchal