चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं ने बनाया नया इतिहास, पहली बार तीर्थयात्रियों की संख्या पहुंची 50 लाख के पार

चारधाम यात्रा: श्रद्धालुओं ने बनाया नया इतिहास, पहली बार तीर्थयात्रियों की संख्या पहुंची 50 लाख के पार
Spread the love

‘सुरक्षित चारधाम- हमारा प्रण, हमारा लक्ष्य, हमारा कर्तव्य’, उत्तराखंड पुलिस ने इस नारे के साथ की सेवा

देहरादून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के निर्देशन में विश्वप्रसिद्ध चारधाम दर्शन हेतु देश-विदेश से आ रहे श्रद्धालुओं की सुगम यात्रा लिए उत्तराखंड पुलिस समर्पित है। चारधाम यात्रा में इस साल रिकॉर्ड संख्या में तीर्थयात्री पहुंच रहे हैं।

पुलिस महानिदेशक अशोक कुमार के अनुसार, इस वर्ष 16 अक्टूबर तक चारधाम दर्शन करने वाले तीर्थयात्रियों की संख्या 50 लाख के पार पहुंच गयी है। इसके साथ ही लगभग 5 लाख 41 हजार वाहन भी चारधाम पहुंचे हैं। वर्तमान में रिकार्ड स्तर पर यात्री अपनी उपस्थिति दर्ज करा चुके हैं।

डीजीपी अशोक कुमार

यात्रा प्रारम्भ होने के बाद केदारनाथ धाम में लगभग 17 लाख 08 हजार, बदरीनाथ धाम में 15 लाख 90 हजार, गंगोत्री में 08 लाख 46 हजार, यमुनोत्री में 06 लाख 94 हजार, हेमकुण्ड साहिब में 01 लाख 77 हजार से अधिक श्रद्धालुओं द्वारा दर्शन किये जा चुके हैं। श्री हेमकुंड साहिब के कपाट शीतकाल के लिए बंद कर दिए गए हैं।

डीजीपी अशोक कुमार ने बताया कि उत्तराखंड पुलिस द्वारा प्रत्येक स्तर पर तीर्थयात्रियों की हर सम्भव सहायता की जा रही है, जिससे उनके मन में देवभूमि की पवित्र आस्था के साथ ही उत्तराखंड पुलिस की सकारात्मक छवि की स्मृतियां भी अंकित हो रही हैं। उत्तराखंड पुलिस सुरक्षित व निर्बाधित चारधाम यात्रा के लिए प्रतिबद्ध है।

Parvatanchal