दुखद : बाइक सवार छात्र को अज्ञात वाहन ने रौंदा, अस्पताल पहुंचने पर मृत घोषित
रुद्रपुर। यहां बाइक सवार एक छात्र को अज्ञात वाहन ने रौंद दिया। इससे छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे उपचार के लिए किच्छा ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम करानेके बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस के मुताबिक, गत दिवस नगला पंतनगर निवासी 17 वर्षीय मिलन पुत्र राजेश कुमार बाईक से किच्छा जा रहा था। रास्ते में उसकी बाईक को अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। बताया जाता है कि घटना के बाद आरोपी चालक मौके से मय वाहन के भाग निकला। मौके पर भीड़ जमा हो गई। घायल छात्र को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया। वहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने जानकारी लेने के बाद शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी में भिजवा दिया। पुलिस ने दूसरे दिन शव को पोस्टमार्टम कराने के बाद परिजनों को सौंप दिया। मृतक यहां नगला में परिवार के साथ रह कर हल्द्वानी में पढ़ाई कर रहा था। मृतक मूल रूप से यूपी के जिला बदायूं का निवासी था। फिलहाल आरोपी चालक के खिलाफ पुलिस में रिपोर्ट दर्ज नहीं कराई गई है।

