खुलासा: हार्डवेयर की दुकान में हुई चोरी के मामले में आठ लाख की नगदी समेत दो गिरफ्तार, दो लोग फरार

खुलासा: हार्डवेयर की दुकान में हुई चोरी के मामले में आठ लाख की नगदी समेत दो गिरफ्तार, दो लोग फरार
Spread the love

 

हरिद्वार। रुड़की क्षेत्र में एक हार्डवेयर की दुकान में हुई 25 लाख रुपये की चोरी का खुलासा करते हुए पुलिस ने घटना के मास्टर माइंड पूर्व कर्मचारी सहित दो लोगों को 8 लाख रुपये की नगदी सहित गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि इस मामले में दो अन्य लोग फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बीती 16 अगस्त की रात उपकारागार रुड़की के सामने स्थित टयूबवेल पाईप का होल सेल व रिटेल (हार्डवेयर) की दुकान से अज्ञात चोरों द्वारा लगभग 25 लाख रुपये की चोरी कर ली गयी थी। मामले में दुकान स्वामी नवीन गोयल पुत्र हितेश कुमार गोयल, निवासी 130 ए, नेहरूनगर की तहरीर पर कोतवाली गंगनहर में मुकदमा पंजीकृत किया गया था।
चोरों की तलाश में जुटी पुलिस टीम को देर रात सूचना मिली कि उक्त चोरी में शामिल दो चोर इब्राहिमपुर गांव के समीप देखे गये हैं, जिन्हें पुलिस ने बताये गये स्थान पर दबिश देकर हिरासत में ले लिया। उनके पास से पुलिस ने चोरी की गयी 8 लाख रुपये की नगदी भी बरामद की है। पूछताछ में उन्होने अपना नाम इंजमाम उल हक उर्फ इद्दू पुत्र निसाद, निवासी पिलखन वाली मस्जिद के पास, रामपुर गंगनहर व इंतजार उर्फ काला पुत्र तौफिक उर्फ फिका, निवासी रामपुर गंगनहर रुड़की (हरिद्वार) बताया। पुलिस ने बताया कि आरोपी इंजमाम उल हक ने उक्त हार्डवेयर स्टोर में दो महीने नौकरी की थी, जिसे दुकान मालिक ने चाल-चलन सही न होने पर 10-15 दिन पहले नौकरी से निकाल दिया था। दुकान में काफी पैसा होने की जानकारी होने के चलते आरोपी ने अपने साथियों के साथ योजना बनाकर वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस के अनुसाार वारदात से जुड़े दो अन्य आरोपी फरार हैं, जिनकी तलाश की जा रही है।

Parvatanchal