शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़े हरियाणा के दो बदमाश, पिस्टल दिखाकर बाईक लूटने का है आरोप, तीसरे की तलाश जारी

शिकंजा: पुलिस के हत्थे चढ़े हरियाणा के दो बदमाश, पिस्टल दिखाकर बाईक लूटने का है आरोप, तीसरे की तलाश जारी
Spread the love

 

देहरादून। प्रेमनगर थाना क्षेत्र में पिस्टल दिखाकर मोटरसाईकिल लूटने वाले दो बदमाशों को पुलिस ने लूट की मोटरसाईकिल व पिस्टल के साथ गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उनका तीसरा साथी पुलिस के हाथ नहीं लगा। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।
आज यहां इसकी जानकारी देते हुए डीआईजी/एसएसपी दिलीप सिंह कुंवर ने बताया कि 7 अगस्त को राघव विहार निवासी राकेश सिंह ने प्रेमनगर थाने में मुकदमा दर्ज कराते हुए बताया कि उसका भाई राजेश सिंह अपनी कम्पनी सेलाकुई से घर की तरफ आ रहा था, तभी तीन अज्ञात बदमाशों ने उसके भाई को पिस्टल दिखाकर उसकी मोटरसाईकिल लूट ली। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला। उसके बाद पुलिस द्वारा शिमला बाईपास से जाने वाले सभी मार्गों पर लगे लगभग 2000 सीसीटीवी कैमरों को खंगाला गया, जिसमें पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग हाथ लगे। धर-पकड़ में जुटी पुलिस ने शनिवार को फुलसैनी से धौलास की तरफ जाने वाले रास्ते से लूट की अपाचे मोटरसाईकिल के साथ दो लोगों को हिरासत में ले लिया, जिन्होंने अपने नाम सुखजिन्दर उर्फ सुक्खू, निवासी मौहल्ला खारखाना, ग्रेवाल कालोनी सिरसा, हरियाणा व शिव कुमार उर्फ गोलू पुत्र अजीत कुमार, निवासी खन्ना कालोनी, बस स्टैण्ड वाली गली सिरसा, हरियाणा बताया। उन्होंने अपने तीसरे साथी का नाम अमरजीत उर्फ गूरी, निवासी खैरपुर सिरसा, हरियाणा बताया। पुलिस ने उनके कब्जे से पिस्टल, तीन जिन्दा कारतूस व लूटी गयी अपाचे मोटरसाईकिल बरामद कर ली। पूछताछ में उन्होंने बताया कि वह जुलाई माह में यहां आये थे तथा प्रेमनगर में किराये का कमरा लेकर रह रहे थे। वह किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में थे, लेकिन उनको मौका नहीं मिल पा रहा था। फिर वह हरियाणा चले गये। घटना वाले दिन ही वह हरियाणा से दून वापस आये थे तथा घटना को अंजाम देकर वह पांवटा साहिब से चंडीगढ़ मोहाली होते हुए पंजाब चले गये थे। मोटरसाईकिल को उन्होंने अपने परिचित के यहां छुपा दिया था और उसकी नम्बर प्लेट चैंज कर दी थी। पुलिस ने उनके खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनको न्यायालय में पेश किया जहां से उनको न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।

Parvatanchal