दुस्साहस: पर्यटन नगरी में अपराधियों के हौसले बुलंद,पेट्रोल पंप का ताला तोड़कर उड़ा ले गये हजारों की नकदी
नैनीताल। चोरों ने तल्लीताल स्थित दुर्गा पेट्रोल पंप का ताला तोड़कर हजारों रुपए की नकदी उड़ा ली और फरार हो गये। प्रातः लगभग 6 बजे पेट्रोल पंप का कर्मचारी जब पंप खोलने आया है तो देखा कि पंप के ताले टूटे हैं। उसने इसकी सूचना पेट्रोल पंप स्वामी को दी। स्वामी ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी और थाना अध्यक्ष रोहतास सिंह सागर के निर्देश पर पुलिस की टीम ने घटनास्थल पर पहुंच मामले का संज्ञान लिया और वहां लगे सीसीटीवी कैमरे की जांच की। सीसीटीवी फुटेज से पता चला कि चोर ने रात्रि को लगभग 4 बजे पेट्रोल पंप की छत से पंप पर उतर कर पहले इधर उधर देखा और फिर कुल्हाड़ी से ऑफिस में लगे दोनों ताले तोड़ डाले। फिर वह प्लास्टिक का कट्टा लेकर अंदर घुसता है और दराजों को खंगालना शुरू करता है, जो अंदर लगे सीसीटीवी में नजर आ रहा है।
इसे दौरान चोर की निगाह सीसीटीवी कैमरे पर पड़ती है और चोर ने कैमरे का रुख पलट दिया और दराज में रखे लगभग 80 हजार रुपए की राशि लेकर चंपत हो गया। पुलिस क्षेत्राधिकारी नैनीताल विभा दीक्षित ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया। थाना अध्यक्ष सागर ने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोर की तलाश शुरू कर दी गयी है और जल्दी ही वह पुलिस की गिरफ्त में होगा, जहां से उसे सलाखों के पीछे भेजा जाएगा। इस मौके पर जांच टीम में शिवराज सिंह राणा और नेगी मौजूद थे।

