दर्दनाक: राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में ट्रेन से कटकर गुलदार की मौत, सोमवार सुबह रेलवे ट्रैक पर हुए दो टुकड़े
ऋषिकेश। राजाजी टाइगर रिजर्व क्षेत्र में सोमवार सुबह मोतीचूर वन क्षेत्र अंतर्गत सौंग नदी रेलवे ट्रैक पर एक पैसेंजर ट्रेन की चपेट में आकर गुलदार की मौत हो गई। इस हादसे में गुलदार के दो टुकड़े हो गए। वन विभाग की टीम ने शव को कब्जे मे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। विभाग घटना की जांच पड़ताल में जुट गया है।
बता दें कि ऋषिकेश से सटे राजाजी टाइगर रिजर्व नेशनल पार्क के पास मोतीचूर वन रेंज के पास ही रेलवे ट्रैक है। सोमवार सुबह एक पैसेंजर ट्रेन योग नगरी रेलवे स्टेशन पर आ रही थी। वन विभाग के अनुसार, गुलदार के ट्रैक पार करने के दौरान वह चपेट में आ गया होगा, जिससे उसकी मौत हो गई। इन दिनों बरसात के दौरान पार्क में मौजूद जंगली जानवर स्थान परिवर्तन करते हैं। यही अनुमान लगाया जा रहा है कि इसी दौरान वह ट्रेन की चपेट में आ गया और उसकी मौत हो गई।
इस इलाके में यह कोई पहला मामला नहीं है। इससे पहले भी ट्रेन की चपेट में आने से कई जंगली जानवरों की मौत हो चुकी है। कई बार ट्रेन की गति अधिक होने के चलते कई जंगली जानवर अपनी जान गंवा चुके हैं। बहरहाल विभागीय टीम घटनाक्रम की जांच पड़ताल में जुटी है।
