प्रतिक्रिया : जनवादी महिला समिति ने की आरफा जान की हत्या की निंदा, भाजपा सरकारों पर लगाया अनदेखी का आरोप

प्रतिक्रिया : जनवादी महिला समिति ने की आरफा जान की हत्या की निंदा, भाजपा सरकारों पर लगाया अनदेखी का आरोप
Spread the love

 

देहरादून। अखिल भारतीय जनवादी महिला समिति की उत्तराखंड राज्य कमेटी ने कश्मीर के बडगाम में हुई युवती की निर्मम हत्या की कड़ी निंदा की है। समिति ने आरोप लगाया है कि भाजपा शासनकाल में महिलाओं के प्रति यौन हिंसा की घटनाएं लगातार बढ़ती जा रही हेैं। जनवादी महिला समिति की राज्य महामंत्री दमयंती नेगी ने कहा है कि ऐसी घटनाओं के खिलाफ महिलाओं को एकजुट होने की जरूरत है। गौरतलब है कि बीती 7 मार्च को क़श्मीर में आरिफा जान नाम की एक छात्रा कोचिंग क्लास के लिए गई लेकिन वापस घर नहीं लौटी। उसके भाई ने 8 मार्च को पुलिस में गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने संदिग्धों से पूछताछ की। निरंतर पूछताछ के बाद मोहनपुरा बडगाम के शब्बीर अहमद बानी ने लापता लड़की की हत्या की बात कबूल की। अपराधी ने बताया कि उसने युवती के शरीर के अंगों को टुकड़ों टुकड़ों में काटकर विभिन्न स्थानों पर गाड़ दिया था। दमयंती नेगी का कहना है कि कितने शर्म की बात है कि जिस दिन पूरा देश अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस और होली मनाने में मग्न था, उसी दिन देश में महिलाओं के साथ अत्याचार और बेरोकटोक हिंसा की वारदात जारी थी। नेगी के मुताबिक, देशवासी महिलाओं के खिलाफ अपहरण, बलात्कार और अकल्पनीय रूप से क्रूर हत्याओं जैसी आपराधिक घटनाओं को लगातार होते देख रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार व भाजपा की राज्य सरकारें इन जघन्य अपराधों की अनदेखी करती आ रही हैं, यह परोक्ष रूप से महिलाओं के खिलाफ हिंसा को बढ़ावा देने की प्रवृत्ति ही कही जा सकती है। जनवादी महिला समिति की राज्य महामंत्री दमयंती नेगी का आरोप है कि बेटियों की सुरक्षा का ढोंग करने वाली भाजपा सरकार के राज में आए दिन बेटियां बलात्कार व हिंसा की शिकार हो रही हैं, जो कि निंदनीय व असहनीय है। उन्होंने कहा है कि भाजपा सरकार महिलाओं के खिलाफ बढ़ते जा रहे अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए शीघ्र ही प्रभावी कदम नहीं उठाती है तो पूरे देश के अंदर महिलाओं को एकजुट होकर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर लामबंदी करनी चाहिए ।

Parvatanchal