कामयाबी: पुलिस व SOG ने दबोचे 8 शराब तस्कर,भारी मात्रा में अवैध शराब बरामद, तस्करी में इस्तेमाल दो गाड़ियां सीज
ऋषिकेश। तीर्थनगरी और आसपास के क्षेत्रों में फैल रहे नशीले पदार्थों के काले कारोबार पर नियंत्रण में जुटी पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पुलिस ने अवैध शराब की बड़ी खेप पकड़ी है। जानकारी के अनुसार, एसओजी देहात और श्यामपुर पुलिस चौकी ने अलग-अलग स्थानों पर चेकिंग अभियान चलाया। चेकिंग दौरान तीन वाहनों से 25 पेटी शराब और 432 लीटर कच्ची शराब पकड़ी गयी है। शराब की तस्करी कर रहे 8 युवकों को भी गिरफ्तार करने में भी पुलिस को कामयाबी मिली है। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त तीनों वाहनों को कब्जे में लेकर सीज कर दिया है। फिलहाल पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनसे पूछताछ में शुरू कर दी है।
ऋषिकेश कोतवाली परिसर में सीओ डीसी ढोंडियाल ने मीडिया के सामने मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि तीर्थ नगरी को नशा मुक्त बनाने को नशा विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत एसओजी देहात की टीम देहरादून रोड स्थित फ्लाईओवर के पास वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इस दौरान एक कार और एक लोडर वाहन को टीम ने तलाशी के लिए रोक लिया। कार से 5 पेटी और लोडर वाहन से 20 पेटी शराब बरामद की गई। इस पर टीम ने दोनों वाहनों में सवार चार युवकों को शराब तस्करी करने के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार युवकों की पहचान विवेक थपलियाल, चंद्रशेखर नौटियाल, बसंत साहनी और रामकुमार सैनी, निवासी देहरादून के रूप में हुई है।
सीओ के अनुसार, अवैध शराब के मामले में दूसरी कामयाबी श्यामपुर पुलिस चौकी पुलिस को मिली है। चौकी पुलिस ने हरिद्वार की ओर से आ रही एक स्कार्पियो कार को तलाशी के लिए रोका। तलाशी में स्कॉर्पियो कार से पुलिस ने 432 लीटर कच्ची शराब बरामद की। कार में सवार चारों आरोपियों को पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों की पहचान मोहम्मद सैफ अली सोना सिंह, बलजिंदर सिंह व बलजीत सिंह, निवासी जसपुर और रामनगर के रूप में की गई। सीओ ने बताया कि कच्ची शराब उधमसिंहनगर से ऋषिकेश में सप्लाई के लिए लाई जा रही थी। खबर भेजे जाने तक पुलिस विस्तृत जानकारी के लिए आठों तस्करों से पूछताछ में जुटी थी। तीनों वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में लेकर मोटर व्हीकल एक्ट अधिनियम के तहत तीज कर दिया है। शराब और तस्करों को पकड़ने वाली टीम में एसओजी देहात प्रभारी मुकेश डिमरी, देवेंद्र नेगी, कमल जोशी, नवनीत नेगी, मनोज, श्यामपुर चौकी प्रभारी आदित्य सैनी, जगदंबा प्रसाद, नीरज, शीशपाल, नंदकिशोर, सचिन राणा व युवराज सिंह शामिल रहे।

