दुखद: अज्ञात वाहन ने स्कूटी और बाइक को मारी टक्कर, दो की मौत तीसरा अस्पताल में भर्ती
रुद्रपुर। पुलिस निगरानी के तमाम दावों के बावजूद उत्तराखंड में सड़क हादसों का सिलसिला थमने का नहीं ले रहा है। शायद ही कोई दिन गुजरता होगा, जब कहीं से सड़क हादसे में किसी के मारे जाने की खबर न आती हो। शनिवार को भी ऐसी ही एक बुरी खबर सामने आई है। यहां किच्छा बाइपास पर तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने रुद्रपुर निवासी स्कूटी सवार और किच्छा निवासी बाइक सवार को टक्कर मार दी। घटना में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि बाइक सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसा बीती देर रात का बताया जा रहा है।
यहां प्राप्त जानकारी के मुताबिक संजय नगर खेड़ा निवासी 45 साल के रामजीत सरदार पुत्र अजीत सरदार सीएससी सेंटर चलाते थे। शुक्रवार को वह किसी काम से शक्तिफार्म गए हुए थे। रात 9 बजे वह वापस स्कूटी से घर को लौट रहे थे। जब वह किच्छा के बायपास रोड पर पहुंचे तो तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रामजीत सरदार अनियंत्रित होकर स्कूटी समेत सड़क पर गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, इसी दौरान सैजना किच्छा निवासी 32 साल का शमशाद हुसैन पुत्र रईस अहमद मजदूरी कर अपने साथी असलम के साथ बाइक से घर को लौट रहा था। अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को भी टक्कर मार दी, जिससे वे दोनों भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा होते देखकर आसपास के लोग घटनास्थल पर एकत्र हो गए और पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची किच्छा पुलिस ने एम्बुलेंस 108 की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने रामजीत सरदार और शमशाद हुसैन को मृत घोषित कर दिया, जबकि घायल असलम को उपचार के लिए निजी अस्पताल भेज दिया। घटना की खबर सुनकर मृतकों के परिजनों समेत पूरे क्षेत्र में मातम का माहौल है।

