गनीमत: उफनते नाले में बह गई आल्टो कार, खिड़की से कूदकर कार सवार शिक्षकों ने बचाई जान
नैनीताल। उत्तराखंड के पर्वतीय इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश के चलते छोटे-बड़े तमाम नदी नाले उफान पर हैं। ऐसे में आए दिन हादसे हो रहे हैं। हाल ही में रामनगर की ढेला नदी के रपटे में पर्यटकों की गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त हो गई थी जिसमें नौ लोगों की जान चली गई थी। वैसा ही एक भीषण कार हादसा आज रामनगर के धनगढ़ी नाले में भी होते होते बच गया। आज उफान के आने के बाद धनगढ़ी नाले ने रौद्र रूप ले लिया। इस दौरान नाले में एक आल्टो कार बह गई। गनीमत यह रही कि आल्टो कार में सवार शिक्षक किसी तरह से जान बचाने में सफल हो गए। गौरतलब है कि कुमाऊं और गढ़वाल को जोड़ने वाले नेशनल हाईवे 309 पर स्थित धनगढ़ी नाला आज फिर उफान पर आ गया, इसमें पहाड़ की ओर जा रही एक आल्टो कार बह गई। गनीमत यह रही कि कार में सवार 4 शिक्षकों ने किसी तरह कार से कूदकर अपनी जान बचा ली, जिससे एक बड़ा हादसा होने से टल गया।
उल्लेखनीय है कि मंगलवार को 4 शिक्षक सुबह 5:00 बजे आल्टो कार में सवार होकर स्कूल जा रहे थे। उस वक्त बारिश के चलते धनगढ़ी नाला उफान पर आया हुआ था। शिक्षकों ने अपनी कार उस नाले में डाल दी जिससे कार बहने लगी। हालांकि कार को बहता देख शिक्षक किसी तरह से जान बचाने में सफल हो गए। समाचार भेजे जाने तक नाले में उफान के चलते यहां सुबह से ही यातायात बाधित था। लोग घंटों से पानी कम होने का इंतजार कर रहे थे।

