सख्ती: निरीक्षण के वक्त नदारद रहे SE, नाराज मंडलायुक्त दीपक रावत ने मांग लिया स्पष्टीकरण
हल्द्वानी। उत्तराखंड में नौकरशाह कितने बेखौफ हैं और अपनी ड्डयूटी के प्रति कैसे लापरवाह रहते हैं, इसका एक जीता जागता उदाहरण कुमाऊं में उस वक्त देखने को मिला, जब कुमाऊं के आयुक्त दीपक रावत ने भवाली-अल्मोड़ा राजमार्ग का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने पाया कि अधीक्षण अभियंता राष्ट्रीय राजमार्ग, हल्द्वानी बिना अनुमति के अवकाश पर हैं। इस पर मण्डलायुक्त रावत का पारा चढ़ गया और उन्होंने तुरंत अधीक्षण अभियंता से स्पष्टीकरण तलब कर लिया। उन्होंने आपदा के दृष्टिगत बिना अनुमति के अवकाश पर रहने की हिमाकत को शासन के आदेशों की लापरवाही बताया।
आयुक्त दीपक रावत ने कहा कि उत्तराखण्ड राज्य प्राकृति आपदा की दृष्टि से अत्यन्त संवेदनशील है तथा मानसून अवधि में राज्य में अतिवृष्टि, बाढ, भूस्खलन, बादल फटने जैसी प्राकृति आपदाओं से राज्य के कई जनपद अत्यधिक प्रभावित होते है। इसी को दृष्टिगत रखते हुये मानूसन अवधि में राहत एंव बचाव कार्यो में व्यवधान उत्पन्न न हो इसलिए सभी राज्य कार्मिकों को 30 सितम्बर 2022 तक अपरिहार्य परिस्थितियों को छोड़कर अवकाश स्वीकृत नहीं किये जायेगे। अवकाश को लेकर मुख्य सचिव उत्तराखण्ड शासन देहरादून द्वारा दिनांक 4 जुलाई 2022 को आदेश भी जारी किये गये है।

