बड़ी ख़बर: अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य व अधिवक्ता पर केस दर्ज़

बड़ी ख़बर: अंकिता भंडारी की निजी चैट सार्वजनिक करने पर विनोद आर्य व अधिवक्ता पर केस दर्ज़
Spread the love

 

मां सोनी देवी की तहरीर पर देहरादून के राजपुर थाने में दर्ज हुई जीरो एफआईआर

मीडिया में चैट प्रसारित करने का आरोप, जांच के लिए कोतवाली हरिद्वार ट्रांसफर होगा मामला

 

देहरादून(आरएनएस)। अंकिता भंडारी की निजी व्हाट्सएप चैट सार्वजनिक करने के मामले में पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य और अधिवक्ता अनुज पुंडीर के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है। अंकिता की मां सोनी देवी की तहरीर पर राजपुर थाने में बुधवार को जीरो एफआईआर दर्ज की गई। घटनास्थल हरिद्वार स्थित प्रेस क्लब होने के कारण क्षेत्राधिकार के आधार पर मामला जांच के लिए कोतवाली हरिद्वार ट्रांसफर किया जाएगा।राजपुर एसओ पीडी भट्ट के अनुसार आरोपियों पर बीएनएस की धारा 356(2), 79, आईटी एक्ट की धारा 66सी व 66डी के तहत केस दर्ज हुआ है। तहरीर में बताया गया कि अंकिता हत्याकांड में 30 मई 2025 को अपर जिला एवं सत्र न्यायालय ने पुलकित आर्य, सौरभ भास्कर और अंकित उर्फ पुलकित गुप्ता को दोषसिद्ध किया था। विवेचना के दौरान अंकिता व उनके मित्र पुष्पदीप की व्हाट्सएप चैट इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्य के रूप में जुटाकर बचाव पक्ष को दी गई थी। शिकायत के अनुसार, विचारण के दौरान सत्र न्यायालय और उत्तराखंड उच्च न्यायालय ने इन निजी चैट से जुड़े सवालों को अप्रासंगिक व निजता के प्रतिकूल मानकर अनुमति नहीं दी थी। आरोप है कि फैसले के करीब डेढ़ साल बाद हाईकोर्ट में अपील विचाराधीन रहते हुए दोनों आरोपियों ने निजी चैट सार्वजनिक कर परिवार को गहरा मानसिक आघात दिया। वहीं, अंकिता भंडारी के माता-पिता के समर्थन में खड़ी कांग्रेस का कहना है कि इस मामले में पुलिस ने दबाव के बाद केस दर्ज किया जबकि पहले ही पुलिस को केस दर्ज करना था। पार्टी ने कहा है कि मुकदमे की धाराएं चेक करेंगे। अगर कोई धारा लगानी थी लेकिन नहीं लगाई गई है, इस पर विधिक राय ली जाएगी। गौरतलब है कि अंकिता भंडारी के माता-पिता जेल में सजा काट रहे पुलकित आर्य के पिता विनोद आर्य के खिलाफ मुकदमा दर्ज करने की मांग को लेकर बुधवार को देहरादून में गांधी पार्क में धरने पर बैठे।

Parvatanchal