मुलाकात: कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने नेपाली राजदूत से की शिष्टाचार भेंट
भारत-नेपाल के ऐतिहासिक संबंधों को और मजबूत बनाने पर दिया जोर
नई दिल्ली/देहरादून। प्रदेश के कैबिनेट मंत्री सतपाल महाराज ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित नेपाली दूतावास पहुंचकर भारत में नवनियुक्त नेपाली राजदूत डॉ. निश्चलनाथ पांडे से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने राजदूत को पदभार ग्रहण करने पर बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की शुभकामनाएं दीं।
भेंट के दौरान सतपाल महाराज ने विश्वास जताया कि डॉ. पांडे के कार्यकाल में भारत और नेपाल के बीच पारंपरिक संबंध और अधिक प्रगाढ़ होंगे। उन्होंने भारत-नेपाल के बीच हाल में हुए द्विपक्षीय समझौतों तथा नेपाल के प्रधानमंत्री बालेन्द्र शाह की सफल भारत यात्रा के लिए भी उन्हें शुभकामनाएं दीं।
महाराज ने दोनों देशों के बीच सदियों पुराने ऐतिहासिक, सांस्कृतिक और भावनात्मक संबंधों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत और नेपाल के बीच रिश्ते केवल पड़ोसी देशों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि दोनों देशों के लोगों के बीच गहरा सामाजिक और सांस्कृतिक जुड़ाव भी है।
उन्होंने नेपाली राजदूत डॉ. निश्चलनाथ पांडे की इस सोच की सराहना की कि दोनों देशों की भावनात्मक निकटता को ठोस और परिणामोन्मुखी आर्थिक साझेदारी में परिवर्तित किया जाना चाहिए। उन्होंने उम्मीद जताई कि आपसी सहयोग से दोनों देशों के बीच व्यापार जारी रहेगा।

