विरोध: नई खाद वितरण प्रणाली से नाराज हुए किसान, ज्ञापन के ज़रिए उठाई निरस्त करने की मांग

विरोध: नई खाद वितरण प्रणाली से नाराज हुए किसान, ज्ञापन के ज़रिए उठाई निरस्त करने की मांग
Spread the love

काशीपुर(आरएनएस)। किसान विकास क्लब और भाकियू की बैठक में किसानों ने नई खाद वितरण प्रणाली पर नाराजगी जताते हुए इसे समाप्त करने की मांग की। किसानों ने इस संबंध में देहरादून से आए कृषि विभाग के डिप्टी डायरेक्टर (एचआर) एके वर्मा को ज्ञापन सौंपा। रविवार को मंडी समिति गेस्ट हाउस में हुई बैठक में किसानों ने कहा कि केंद्र सरकार के निर्देश पर राज्य सरकार ने ऑनलाइन टोकन प्रणाली से खाद खरीदने की व्यवस्था शुरू की है, लेकिन यह अभी काफी जटिल है। इसके तहत पहले फ्रेमवर्क फर्टिलाइजर्स सेल ऐप डाउनलोड करना होगा। इसके बाद डिजिटल पर्ची आने पर खाद और उसकी मात्रा बतानी होगी। फिर संबंधित केंद्र से खाद मिल सकेगी। किसानों ने कहा कि करीब 20 प्रतिशत किसान ऐप चलाना ही नहीं जानते हैं। जब तक सभी किसानों की फार्मर आईडी नहीं बन जाती, तब तक यह प्रणाली सफल नहीं हो सकती। कुछ किसानों के नाम सूची में नहीं हैं, जबकि कुछ की जमीन का रकबा बहुत कम दर्ज है। किसानों ने मांग की कि नई प्रणाली खरीफ सीजन से लागू की जाए। रबी सीजन में खाद की किल्लत को देखते हुए फिलहाल पुरानी व्यवस्था से ही खाद वितरित की जाए। बैठक में टीकासिंह सैनी, भाकियू के प्रदेश प्रवक्ता मनप्रीत सिंह, कल्याण सिंह, डॉ. अशोक अरोड़ा, उपेंद्र कुमार शर्मा, लक्ष्मीकांत शर्मा, मनदीप सिंह, प्रमोद कुमार, बलविंदर सिंह, अनुराग शर्मा, रघुवीर सिंह, जोगा सिंह, अनिल यादव और मनीष सैनी आदि मौजूद रहे।

Parvatanchal