धोखाधड़ी: ऑनलाइन मकान खरीदने के झांसे में 40 लाख ठगे, पिता-पुत्र को ऑफिस में बनाया बंधक

धोखाधड़ी: ऑनलाइन मकान खरीदने के झांसे में 40 लाख ठगे, पिता-पुत्र को ऑफिस में बनाया बंधक
Spread the love

देहरादून(आरएनएस)।  सेक्टर-51, गुरुग्राम, हरियाणा निवासी हरवीर सिंह अहलावत ने प्रेमनगर थाने में पांच लोगों पर जमीन धोखाधड़ी और बंधक बनाने का केस दर्ज कराया है। कहा कि बीते एक मई को 99 एकड़ साइट के जरिये पौंधा निवासी विधान चौधरी से मौजा पौंधा में 150 वर्गमीटर पर बने मकान को खरीदने की बात हुई थी। 24 मई को विधान, उसके पिता विपिन कुमार व सोमय ने साइट दिखाकर 1.18 करोड़ रुपये में सौदा तय किया। पीड़ित ने 24 मई से सात जुलाई के बीच नकद, यूपीआई व बैंक ट्रांसफर से विपिन आदि को 15 लाख और कानूनी मालिक अजमेर निवासी युवराज सिंह व शर्ती सिंह के संयुक्त खाते में 25 लाख समेत कुल 40 लाख रुपये दिए। आरोप है कि नौ जुलाई को ऑफिस बुलाकर आरोपियों ने 23 लाख रुपये नकद मांगे और इनकार पर हरवीर व उनके पिता शमशेर सिंह को कई घंटे बंधक बनाकर धमकाया। बाद में रजिस्ट्री से भी टालमटोल की। एसओ गिरीश नेगी ने बताया कि शनिवार को केस दर्ज कर जांच की जा रही है।
प्लॉट के नाम पर 46 लाख हड़पे, बैनामा मांगने पर धमकाया
एक अन्य मामले में सहस्रधारा रोड पर प्लाट बेचने की डील कर 46 लाख रुपये हड़पने और धमकाने के आरोपियों पर रायपुर थाना पुलिस ने केस दर्ज किया है। शामली निवासी फिरोज और मेरठ निवासी मोहम्मद कादिर ने बताया कि दून में जमीन खरीदने के लिए उनकी मुलाकात देवेंद्र चौधरी निवासी नालापानी रोड से हुई थी। देवेंद्र ने अपने साथियों के साथ अपोलो स्कूल के बराबर में 233 वर्गगज का प्लॉट दिखाकर खुद को इसका मालिक बताया। कागज पर लिखापढ़ी कर उसने छह लाख रुपये नकद और 40 लाख रुपये बैंक ट्रांसफर के जरिये कुल 46 लाख रुपये ले लिए। इसके बाद वह बैनामा कराने के नाम पर लगातार टालमटोल करता रहा। आरोप है कि 31 अक्तूबर को दोपहर करीब साढ़े बारह बजे उसने दोनों को सहस्रधारा रोड स्थित स्वीट शॉप पर बुलाया। जहां वह 10-12 साथियों के साथ धारदार हथियार लेकर मौजूद था। रजिस्ट्री मांगने पर आरोपियों ने गाली-गलौज व धक्का-मुक्की कर जानमाल की धमकी दी। एसओ संजीत कुमार ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर जांच की जा रही है।

Parvatanchal