अंतिम संस्कार: मां की अंतिम विदाई में भावुक हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ
हरिद्वार के चंडी घाट पर सावित्री देवी का अंतिम संस्कार, छोटे बेटे महेंद्र सिंह बिष्ट ने दी मुखाग्नि
हरिद्वार (अलना)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मां सावित्री देवी का शनिवार को हरिद्वार स्थित नमामि गंगे घाट (चंडी घाट) पर पूरे धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया गया। 91 वर्षीय सावित्री देवी का शुक्रवार सुबह उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जिले के उनके पैतृक गांव पंचूर में निधन हो गया था। मां के निधन से मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनका परिवार गहरे शोक में है। शनिवार सुबह पैतृक गांव पंचूर से सावित्री देवी की पार्थिव देह अंतिम संस्कार के लिए हरिद्वार रवाना की गई। अंतिम यात्रा लक्ष्मण झूला-कांडी मोटर मार्ग से होते हुए चंडी घाट पहुंची। रास्ते में विभिन्न स्थानों पर ग्रामीणों और स्थानीय लोगों ने पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। चंडी घाट पहुंचने पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपनी मां के पार्थिव शरीर पर पुष्प अर्पित कर अंतिम दर्शन किए। इस दौरान वह बेहद भावुक नजर आए। परिवार के सदस्यों ने भी नम आंखों से उन्हें अंतिम विदाई दी। योगी आदित्यनाथ के छोटे भाई महेंद्र सिंह बिष्ट ने धार्मिक रीति-रिवाजों के अनुसार मुखाग्नि दी।
मुख्यमंत्री धामी समेत कई नेताओं ने दी श्रद्धांजलि
उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी भी चंडी घाट पहुंचे और सावित्री देवी को श्रद्धांजलि अर्पित की। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और उनके परिवार के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि इस कठिन समय में पूरा उत्तराखंड शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा है। उन्होंने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।
अंतिम संस्कार में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, केंद्रीय मंत्री पंकज चौधरी, उत्तर प्रदेश सरकार के मंत्री स्वतंत्र देव सिंह और बृजेश सिंह सहित दोनों राज्यों के अनेक जनप्रतिनिधि शामिल हुए। हरिद्वार के सांसद एवं पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत, गोरखपुर के सांसद रवि किशन और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट ने भी श्रद्धासुमन अर्पित किए।
संत-महात्माओं और अखाड़ा परिषद के पदाधिकारियों ने भी दी विदाई
धार्मिक जगत की कई प्रमुख हस्तियां भी अंतिम संस्कार में शामिल हुईं। अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी, योग गुरु स्वामी रामदेव, परमार्थ निकेतन के अध्यक्ष स्वामी चिदानंद, आचार्य बालकृष्ण, महामंडलेश्वर स्वामी ललितानंद गिरि, आचार्य प्रमोद कृष्णम, श्रीमहंत रूपेंद्र प्रकाश, बाबा हठयोगी, महंत संजय महाराज, महंत ऋषिश्वरानंद और स्वामी कल्याण देव महाराज सहित अनेक संत-महात्माओं ने श्रद्धांजलि अर्पित की। इस दौरान उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, डॉ. धन सिंह रावत, मदन कौशिक और प्रदीप बत्रा, पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल निशंक, पूर्व कैबिनेट मंत्री प्रेमचंद अग्रवाल, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, एडीजी एपी अंशुमान, आईजी गढ़वाल राजीव स्वरूप, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित और एसएसपी नवनीत सिंह भुल्लर सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, अधिकारी और सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
प्रधानमंत्री मोदी समेत देशभर के नेताओं ने जताया शोक
सावित्री देवी के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल और नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य सहित देश के कई वरिष्ठ नेताओं ने शोक व्यक्त किया। समाजवादी पार्टी अध्यक्ष अखिलेश यादव, बसपा प्रमुख मायावती और कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं ने भी संवेदना संदेश जारी किए।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोशल मीडिया मंच एक्स पर अपनी मां को याद करते हुए भावुक संदेश साझा किया। उन्होंने मां के स्नेह, संरक्षण और आशीर्वाद को जीवन की सबसे बड़ी पूंजी बताया। सावित्री देवी के निधन से उनके पैतृक गांव पंचूर सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।

