आक्रोश: शोषण का शिकार युवती को न्याय दिलाने के लिए ग्रामीणों ने किया कालसी थाने का घेराव
विकासनगर(आरएनएस)। जौनसार-बावर की एक युवती के कथित यौन शोषण और शादी का झांसा देने के मामले में कार्रवाई नहीं होने पर ग्रामीणों का आक्रोश फूट पड़ा। मंगलवार को युवती के समर्थन में बड़ी संख्या में ग्रामीण कालसी थाने पहुंच गए। उन्होंने थाने का घेराव कर धरना दिया। ग्रामीणों ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर निष्पक्ष जांच करने और युवती को न्याय दिलाने की मांग की। उनका कहना था कि शिकायत देने के बावजूद अब तक मुकदमा दर्ज नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करता है।
युवती के आरोप और पंचायत का फैसला: युवती ने विकासनगर ब्लॉक निवासी एक व्यक्ति पर करीब पांच-छह साल तक संबंध रखने और शादी का भरोसा देकर यौन शोषण करने का आरोप लगाया है। युवती के अनुसार, मामला परिवारों तक पहुंचने के बाद करीब एक साल पहले पंचायत में दोनों को साथ रखने का फैसला हुआ था। पंचायत के फैसले के बाद जब वह आरोपी के घर पहुंची तो उसे अपनाने से इनकार कर दिया गया। युवती ने आरोप लगाया कि नौ सितंबर 2025 को भी मंदिर में शादी कराने के बहाने आरोपी उसे अंबाड़ी मोड़ पर छोड़कर फरार हो गया था।
युवती का आरोप है कि पंचायत के बाद गांव पहुंचने पर उसके साथ मारपीट, अभद्रता और गाली-गलौज की गई। उसने पुलिसकर्मियों पर भी दुर्व्यवहार करने, मोबाइल छीनने और चोट लगने के बावजूद उपचार नहीं दिलाने के आरोप लगाए हैं। युवती के मुताबिक, उसने छह अक्टूबर को कालसी थाने में लिखित तहरीर दी थी, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस मुख्यालय तक शिकायत पहुंचाई और वीडियो जारी कर अपनी जान को खतरा बताया।
ग्रामीणों ने की तत्काल कार्रवाई की मांग: मंगलवार को ग्रामीणों के साथ थाने पहुंची युवती ने मुकदमा दर्ज होने तक धरना जारी रखने की बात कही। ग्रामीणों ने भी मामले में तत्काल कार्रवाई की मांग उठाई।
शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाई: थानाध्यक्ष विवेक राठी ने कहा कि युवती ग्रामीणों के साथ धरने पर बैठी है, लेकिन अभी तक उसकी ओर से कोई शिकायत पत्र नहीं मिला है। शिकायत पत्र मिलने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।

