दुश्वारी: जर्जर पेयजल लाइन से जलापूर्ति में आ रही कमी, आठ से अधिक गांवों में गहराया पानी का संकट
चकराता (आरएनएस)। सिजला खड्ड-छुटऊ-पुरोड़ी तोक समूह पेयजल योजना की जर्जर पाइपलाइन से नवीन चकराता और आसपास के आठ से अधिक गांवों में पेयजल संकट गहराने लगा है। जगह-जगह से क्षतिग्रस्त पाइपलाइन और अवैध कनेक्शनों के कारण ग्रामीणों को पर्याप्त पानी नहीं मिल पा रहा है। सर्दियों से पहले समस्या के समाधान की मांग को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। गुरुवार को नवीन चकराता समिति के पदाधिकारियों और ग्रामीणों ने पेयजल मंत्री को ज्ञापन भेजकर पूरी पेयजल लाइन की मरम्मत कराने और जरूरत के अनुसार नई पाइप लाइन बिछाने की मांग की। ग्रामीणों के अनुसार नवीन चकराता, पुरोड़ी और आसपास के गांवों में पेयजल आपूर्ति के लिए सिजला गांव स्थित प्राकृतिक जलस्रोत से सिजला खड्ड-छुटऊ-पुरोड़ी तोक समूह पेयजल योजना का निर्माण किया गया था। उचित रखरखाव नहीं होने के कारण योजना की स्थिति लगातार खराब होती गई। वर्तमान में पाइपलाइन काफी पुरानी और जर्जर हो चुकी है। कई स्थानों पर पाइप टूटे हुए हैं, जबकि पांच से छह जगह पाइप में छेद कर अवैध कनेक्शन भी जोड़ दिए गए हैं। इससे पानी का दबाव कम होने के साथ ही नियमित जलापूर्ति प्रभावित हो रही है। इस पेयजल योजना से पुरोड़ी, बिरमऊ डांडा, लांगापोखरी, रामताल गार्डन, मागटी पोखरी, ठाणा, टुंगरा और छुटऊ सहित आठ से अधिक गांवों में पानी की आपूर्ति होती है। पाइपलाइन की बदहाल स्थिति का सीधा असर इन गांवों के परिवारों पर पड़ रहा है। ग्रामीणों का कहना है कि कई बार संबंधित विभाग को समस्या से अवगत कराया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है।
गर्मियों में भी पर्याप्त पानी नहीं मिला
ग्रामीणों ने बताया कि गर्मियों में भी योजना से पर्याप्त पानी नहीं मिल पाया। इससे ग्रामीण परिवारों के साथ ही क्षेत्र में संचालित होटल और होमस्टे कारोबारियों को भी परेशानी उठानी पड़ी। ग्रामीणों ने कहा कि अब सर्दियों का मौसम शुरू हो रहा है। ऐसे में समय रहते पाइपलाइन की मरम्मत नहीं कराई गई तो आने वाले दिनों में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है। उन्होंने विभाग से पूरी लाइन का निरीक्षण कर क्षतिग्रस्त हिस्सों को बदलने और अवैध कनेक्शनों पर कार्रवाई करने की मांग की है। नवीन चकराता समिति के सचिव सालक राम जोशी, केशर सिंह चौहान, रणबीर तोमर, भाव सिंह रावत, अरविंद जोशी, महावीर तोमर, दिनेश चौहान, दिनेश तोमर और खजान रावत आदि ने योजना की मरम्मत करने की मांग की है।

