दुर्दशा: लाखों की लागत से बने सार्वजनिक शौचालयों की बदहाली व गंदगी से परेशान पर्यटक व स्थानीय लोग
मसूरी (आरएनएस)। पर्यटन नगरी मसूरी में नगर पालिका द्वारा संचालित सार्वजनिक शौचालयों की दशा दयनीय बनी है। नगर पालिका ने लाखों रुपये की लागत से इन शौचालयों की मरम्मत और सौंदर्यीकरण कराया था, लेकिन देखरेख के अभाव में हालत फिर से बदतर हो गई। कई जगह पानी नहीं है तो कहीं सफाई नहीं है। गंदगी की वजह से कोई इनका उपयोग ही नहीं कर पा रहा है।नगर पालिका ने गत वर्ष शहर के दो दर्जन से अधिक सार्वजनिक शौचालयों का लाखों की लागत से सौंदर्यीकरण व सुधारीकरण करवाया था। लेकिन रखरखाव के अभाव में शौचालयों की दशा फिर खराब हो गई। पिक्चर पैलेस से नगर पालिका को जाने वाले मार्ग पर बने सार्वजनिक शौचालय की दशा सबसे खराब है। यहां सफाई नहीं होती और करीब दो माह से अधिक समय से पानी न होने के कारण गंदगी बनी रहती है। मालरोड से लगा होने के कारण बड़ी संख्या में पर्यटक व स्थानीय लोग जब शौचालय में आते हैं तो गंदगी और दुर्गंध के कारण उन्हें परेशानी झेलनी पड़ती है। स्थानीय निवासी मनोज सुमित सिंह ने बताया कि यहां पर बाथरूम में गंदगी फैली होने के कारण उसका उपयोग नहीं किया जा सकता जिससे पर्यटक भी काफी परेशान हैं। आसपास कोई अन्य बाथरूम भी नहीं है। उन्होंने नगर पालिका से अति शीघ्र सफाई व्यवस्था व पानी की व्यवस्था को सुचारू करने की मांग की है। इस संबंध में कई बार नगर पालिका को अवगत कराया गया, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। वहीं जल संस्थान को पानी न होने की जानकारी दी गई लेकिन कुछ नहीं हुआ। लंढौर नगर पालिका पार्किंग में लाखों की लागत से बनाए गए शौचालय की दशा बनने के बाद से ही खराब है। वहां इतनी गंदगी है कि कोई जा ही नहीं सकता। अब उसे बंद कर दिया गया है। यही हाल शहर के अन्य शौचालयों का भी है, जो देखरेख के अभाव में जीर्ण-शीर्ण हो गए हैं और लोग वहां जाना भी पसंद नहीं करते। नगर पालिका के अधिशासी अधिकारी गौरव भसीन ने बताया कि पिक्चर पैलेस से नगर पालिका जाने वाला शौचालय नया बनाया गया था और वहां पालिका ने जल संस्थान को पैसा देकर पानी की लाइन भी बिछवाई थी। वहां दो टंकियां भी लगवाई गई हैं। इसके बाद भी पानी न आने पर जल संस्थान से पानी की व्यवस्था करने के लिए कहा जाएगा। उन्होंने कहा कि अन्य शौचालयों को भी शीघ्र ठीक किया जाएगा।

