दहशत: बीएचईएल के अधिकारी की कोठी में घुस गया जंगली हाथी, क्षेत्र में मचा हड़कंप
हरिद्वार(आरएनएस)। बीएचईएल क्षेत्र में जंगली हाथियों की आबादी में आवाजाही का सिलसिला रुक नहीं रहा है। देर रात त्रिशूल गेस्ट हाउस के पास एक जंगली हाथी बीएचईएल के एक अधिकारी की कोठी में घुस गया। गुरुवार को हाथी के कोठी परिसर में पहुंचने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। अचानक हाथी को कोठी के परिसर में देख कर वहां मौजूद लोगो में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर राजाजी पार्क के क्षेत्रीय बीट अधिकारी मौके पर पहुंचे और बड़ी मशक्कत के बाद हाथी को कोठी से बाहर निकाल कर सुरक्षित जंगल की तरफ खदेड़ दिया गया। रोजाना बीएचईएल और आसपास की कॉलोनियों में जंगली हाथियों की दस्तक से लोगों में दहशत बनी रहती है। हाथियों के आबादी वाले क्षेत्रों में पहुंचने से जान-माल के नुकसान का खतरा भी बना रहता है। स्थानीय लोगों ने राजाजी पार्क प्रशासन से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने और जंगली जानवरों की आबादी में आवाजाही रोकने के लिए प्रभावी कदम उठाने की मांग की है। रेंजर शीशपाल सिंह ने बताया कि मौके पर पहुंची टीम ने हाथी को वहां से खदेड़ दिया।

