एक्शन: लालढांग रेंज के स्टोर से 35 किलो हाथी दांत चोरी की विभागीय व पुलिस जांच शुरू

एक्शन: लालढांग रेंज के स्टोर से 35 किलो हाथी दांत चोरी की विभागीय व पुलिस जांच शुरू
Spread the love

कोटद्वार(आरएनएस)।  लैंसडौन वन प्रभाग की लालढांग रेंज के भंडार से 35.045 किलोग्राम हाथी दांत (आइवरी) गायब होने के मामले में विभागीय जांच के साथ ही पुलिस जांच शुरू हो गई है। मामले में डीफओ हरिद्वार स्वप्निल अनिरुद्ध की अध्यक्षता में गठित उच्चस्तरीय विभागीय कमेटी सोमवार को लालढांग पहुंच गई है। कमेटी ने लालढांग रेंज के कर्मचारियों और अधिकारियों से पूछताछ की।कमेटी ने विभागीय रिकार्ड भी खंगाले। उधर, यमकेश्वर थाने में दर्ज प्राथमिकी को कोटद्वार तहसील क्षेत्र से जुड़ा होने के कारण कोटद्वार कोतवाली में पंजीकृत कर लिया गया है। कोटद्वार स्थित क्राइम इंवेस्टीगेशन यूनिट (सीआईयू) के अधिकारियों ने लालढांग रेंज कार्यालय का स्थलीय निरीक्षण कर प्रारंभिक जानकारी जुटाते हुए जांच शुरू कर दी है।यमकेश्वर से कोटद्वार में ट्रांसफर हुई प्राथमिकी के अनुसार 31 अक्तूबर 2026 को हुए सत्यापन में वन्यजीव अंग (आइवरी/टस्क) के भंडार से संबंधित सी-17 पंजिका में दर्ज मात्रा और वास्तविक उपलब्धता में अंतर पाया गया। सत्यापन में दर्ज संख्या के मुकाबले पांच हाथी दांत कम मिले। वहीं, कुल दर्ज वजन के सापेक्ष 35.045 किलोग्राम की कमी सामने आई।उप प्रभागीय वनाधिकारी सुधीर कुमार की ओर से दर्ज कराई गई प्राथमिकी के तहत यह मुकदमा भारतीय न्याय संहिता के तहत सरकारी संपत्ति की चोरी के मामले में अज्ञात के खिलाफ दर्ज है। एफआईआर में उल्लेख कि हाथी दांत वन्यजीव संरक्षण अधिनियम के तहत संरक्षित वन्यजीव संपत्ति है।
सीआईयू प्रभारी दीपक धारीवाल ने बताया कि घटनास्थल का मुआयना कर लिया गया है। कोतवाल प्रदीप नेगी ने बताया कि प्राथमिकी पंजीकृत कर जांच शुरू की जा रही है।

Parvatanchal