कामयाबी: दून पुलिस ने बरामद किए चार लाख रुपये के आठ मोबाइल फोन, मालिकों को लौटाए
सीईआईआर पोर्टल की मदद से कैंट पुलिस को मिली सफलता
देहरादून। दून पुलिस ने खोए हुए मोबाइल फोन बरामद करने के अभियान के तहत बड़ी सफलता हासिल की है। कोतवाली कैंट पुलिस ने भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल की मदद से पूर्व में गुम हुए आठ मोबाइल फोन बरामद किए हैं। बरामद मोबाइल फोन की अनुमानित कीमत चार लाख रुपये बताई गई है। पुलिस ने मंगलवार को सभी मोबाइल फोन उनके वास्तविक स्वामियों को सकुशल सौंप दिए।
वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून प्रमेंद्र सिंह डोबाल के निर्देश पर जिले में खोए और गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसके तहत पुलिस द्वारा भारत सरकार के सीईआईआर पोर्टल का इस्तेमाल किया जा रहा है। थानों में मोबाइल फोन खोने की शिकायत प्राप्त होने पर पुलिस गुमशुदगी दर्ज कर संबंधित फोन को पोर्टल के माध्यम से ट्रेस करने की प्रक्रिया शुरू करती है।
इसी क्रम में कोतवाली कैंट पुलिस ने तकनीकी प्रयासों के जरिए आठ मोबाइल फोन बरामद किए। मंगलवार को पुलिस ने मोबाइल फोन उनके वास्तविक मालिकों को वापस सौंप दिए। लंबे समय बाद अपने खोए हुए मोबाइल फोन वापस मिलने पर लोगों के चेहरे खिल उठे। मोबाइल स्वामियों और उनके परिजनों ने दून पुलिस की कार्यशैली की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।
सीईआईआर पोर्टल मोबाइल फोन के गुम या चोरी होने की स्थिति में उसकी पहचान और ट्रैकिंग की प्रक्रिया में मदद करता है। दून पुलिस द्वारा इस पोर्टल के माध्यम से खोए मोबाइल फोन की बरामदगी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कैंट पुलिस की इस कार्रवाई से मोबाइल फोन खोने वाले लोगों को राहत मिली है।

