दून अस्पताल: सुबह साढ़े दस बजे तक खाली रहे नेत्र रोग विभाग के तीनों कमरे, देर तक नहीं बैठे डॉक्टर

Spread the love

 

देहरादून। दून अस्पताल के नेत्र रोग विभाग में बुधवार सुबह ओपीडी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए। विभाग के तीनों कमरों में सुबह साढ़े दस बजे तक डॉक्टर नहीं बैठे, जबकि इलाज के लिए पहुंचे मरीज करीब डेढ़ घंटे तक इंतजार करते रहे। डॉक्टरों के खाली कमरों और मरीजों की परेशानी का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल प्रशासन ने मामले का संज्ञान लिया है।
बताया गया कि डॉक्टरों की क्लास चल रही थी। हालांकि, विभाग के तीनों कमरों में ओपीडी शुरू नहीं होने पर सवाल उठने लगे कि क्या तीनों डॉक्टर एक साथ क्लास में थे? यदि ऐसा था, तो मरीजों के इलाज के लिए वैकल्पिक व्यवस्था क्यों नहीं की गई? कम से कम एक या दो ओपीडी संचालित की जा सकती थीं, ताकि मरीजों को परेशान न होना पड़े।
मरीजों की परेशानी और खाली ओपीडी का वीडियो वायरल होने के बाद अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक (एमएस) डॉ. आरएस बिष्ट ने नेत्र रोग विभाग के विभागाध्यक्ष (एचओडी) से जवाब मांगा है। एमएस ने स्पष्ट किया कि अस्पताल में सुबह नौ बजे हर हाल में ओपीडी शुरू हो जानी चाहिए। मरीजों को समय पर उपचार उपलब्ध कराना अस्पताल प्रशासन की जिम्मेदारी है।

Parvatanchal