राज-काज: 18 अक्टूबर तक चलेगा नशामुक्ति का विशेष शपथ अभियान
स्कूल-कॉलेज से सरकारी दफ्तरों और औद्योगिक इकाइयों तक दिलाई जाएगी शपथ
छात्र-छात्राओं के साथ अधिकारी-कर्मचारी भी होंगे शामिल
देहरादून। नशीली दवाओं के बढ़ते दुरुपयोग के खिलाफ जनपद में चलाए जा रहे ‘नशामुक्त भारत अभियान’ के तहत विशेष शपथ अभियान की अवधि बढ़ाकर अब 18 अक्टूबर 2026 तक कर दी गई है। अभियान के तहत जिलेभर में शैक्षणिक संस्थानों, सरकारी कार्यालयों, औद्योगिक इकाइयों और स्थानीय निकायों समेत विभिन्न संस्थानों में व्यापक स्तर पर नशामुक्ति की शपथ दिलाई जाएगी।
जिलाधिकारी डॉ. आशीष चौहान ने अभियान में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं। इसके तहत कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यालयों, कॉलेजों, विश्वविद्यालयों, कोचिंग संस्थानों और हॉस्टलों के छात्र-छात्राओं को अभियान से जोड़ा जाएगा। इसके अलावा सरकारी अधिकारी-कर्मचारी, औद्योगिक इकाइयों के श्रमिक, स्थानीय नागरिक और महिला स्वयं सहायता समूह भी शपथ अभियान का हिस्सा बनेंगे।
अभियान के तहत होटल, होम स्टे और खेल संस्थानों में भी ऑनलाइन और ऑफलाइन शपथ कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आयोजित कार्यक्रमों की सूचना और शपथ के प्रमाण-पत्र संकलित कर उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं।
ऑनलाइन शपथ के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना जरूरी
नशामुक्ति की ऑनलाइन शपथ क्यूआर कोड अथवा ‘नशामुक्त भारत’ के ई-प्लेज पोर्टल के माध्यम से ली जा सकेगी। शपथ लेने के बाद प्रमाण-पत्र डाउनलोड करना अनिवार्य होगा। सभी संबंधित संस्थानों को 18 अक्टूबर तक अधिकाधिक लोगों को अभियान से जोड़ने के साथ कार्यक्रमों के फोटोग्राफ और निर्धारित सूचना समाज कल्याण विभाग, देहरादून को उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं।

