हादसा: कुमाऊं में कैंची धाम के निकट शिप्रा नदी में जा गिरा दूध से भरा पिकअप वाहन, तीन लोग गंभीर रूप से घायल

हादसा: कुमाऊं में कैंची धाम के निकट शिप्रा नदी में जा गिरा दूध से भरा पिकअप वाहन, तीन लोग गंभीर रूप से घायल
Spread the love

 

गरमपानी (नैनीताल)। कैंची धाम के समीप मंगलवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। हल्द्वानी से दूध लेकर अल्मोड़ा जा रहा पिकअप वाहन अनियंत्रित होकर हाईवे से करीब 150 मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरा। हादसे में वाहन सवार चालक समेत तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलने के बाद कैंची पुलिस और स्थानीय लोगों ने घंटों की मशक्कत के बाद तीनों घायलों को नदी क्षेत्र से निकालकर हाईवे तक पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद तीनों को गंभीर हालत में हल्द्वानी के हायर सेंटर रेफर किया गया है।
जानकारी के अनुसार शनि बाजार, हल्द्वानी निवासी चालक अंकित सिंह अपने पड़ोसी बॉबी और मोहम्मद साकिब के साथ पिकअप वाहन संख्या यूके 04 सीसी 3645 में एक निजी कंपनी का दूध लेकर अल्मोड़ा की ओर जा रहे थे। बताया गया कि मध्यरात्रि के बाद जब वाहन कैंची क्षेत्र के समीप पहुंचा, तभी चालक वाहन से नियंत्रण खो बैठा।
वाहन अनियंत्रित होने के बाद सड़क किनारे की तीखी चट्टान से टकराते हुए पलट गया और करीब डेढ़ सौ मीटर नीचे शिप्रा नदी क्षेत्र में जा गिरा। दुर्घटना इतनी भीषण थी कि वाहन ।काफी नीचे नदी क्षेत्र में जा पहुंचा और उसमें सवार तीनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गये
हादसे का पता कई घंटे बाद चला। मंगलवार सुबह करीब पांच बजे कुछ राहगीरों की नजर नदी क्षेत्र में जल रही वाहन की लाइट पर पड़ी। उन्हें नीचे वाहन दुर्घटनाग्रस्त दिखाई दिया। किसी अनहोनी की आशंका को देखते हुए राहगीरों ने तत्काल कैंची पुलिस चौकी को सूचना दी।

सूचना मिलते ही चौकी प्रभारी विजय कुमार पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घटनास्थल की भौगोलिक स्थिति बेहद कठिन होने के कारण पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों को नदी क्षेत्र तक पहुंचने में काफी मशक्कत करनी पड़ी।
पुलिस टीम ने स्थानीय लोगों के सहयोग से तत्काल रेस्क्यू अभियान शुरू किया। नदी क्षेत्र में गंभीर हालत में पड़े अंकित, बॉबी और मोहम्मद साकिब को कड़ी मशक्कत के बाद सुरक्षित बाहर निकाला गया। तीनों को करीब 150 मीटर की खड़ी ढलान से ऊपर हाईवे तक लाया गया।
इसके बाद 108 आपातकालीन सेवा की मदद से तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भवाली पहुंचाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर हालत को देखते हुए तीनों को हायर सेंटर हल्द्वानी रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार तीनों घायलों की हालत नाजुक बनी हुई है। फिलहाल दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है। प्रथम दृष्टया वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन पुलिस अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
रेस्क्यू अभियान में अपर उपनिरीक्षक विजय, विनोद यादव, महेश गोस्वामी समेत पुलिस टीम और स्थानीय ग्रामीणों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहन को लेकर भी आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। हादसे के बाद कैंची क्षेत्र में कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।

Parvatanchal