एफ आई आर: महिला से छेड़छाड़ और उत्पीड़न का आरोप, जहरीला पदार्थ पिलाने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार
पौड़ी। थलीसैंण थाना क्षेत्र में महिला से छेड़छाड़, गाली-गलौच और उत्पीड़न के साथ जबरन जहरीला पदार्थ पिलाने के प्रयास के मामले में पुलिस ने नामजद आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, पीड़िता के बयानों और विवेचना के दौरान जुटाए गए साक्ष्यों के आधार पर आरोपी की प्रथम दृष्टया संलिप्तता सामने आने के बाद यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, थलीसैंण निवासी एक व्यक्ति ने थाने में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि मरोड़ा निवासी नरेन्द्र उसकी पुत्री के साथ छेड़छाड़ और गाली-गलौच करते हुए उसका उत्पीड़न करता था। शिकायत में आरोप लगाया गया कि 19 सितंबर 2026 को नरेन्द्र ने उसकी पुत्री को जबरन पकड़ लिया और उसके मुंह में जहरीला पदार्थ डालकर पिलाने का प्रयास किया।
शिकायत मिलने के बाद थलीसैंण पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल मु.अ.सं. 17/2026 दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ धारा 109, 75, 77 और 351(2) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना शुरू की।
मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए एसएसपी पौड़ी सर्वेश पंवार ने तत्काल संज्ञान लेते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। इसके बाद विवेचना के दौरान वादी, पीड़िता और अन्य गवाहों के बयान दर्ज किए गए। पुलिस ने घटनाक्रम से जुड़े उपलब्ध तथ्यों और साक्ष्यों का भी संकलन एवं परीक्षण किया।
विवेचना में सामने आए साक्ष्यों और गवाहों के बयानों के आधार पर पुलिस ने नामजद आरोपी नरेन्द्र पुत्र पूरण सिंह, निवासी ग्राम मरोड़ा, चोपड़ाकोट, थलीसैंण को 5 अक्टूबर 2026 को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय के समक्ष पेश किया गया है और मामले में आवश्यक वैधानिक कार्रवाई जारी है।

