मौसम पूर्वानुमान: आठ पर्वतीय जिलों में आज यलो अलर्ट, बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने का अनुमान
देहरादून। मानसून की विदाई के बाद उत्तराखंड में मौसम फिलहाल शुष्क बना हुआ है। हालांकि, अधिकांश हिस्सों में सामान्य से अधिक तापमान के चलते दिन के समय गर्मी का असर महसूस किया जा रहा है। मौसम विभाग ने सोमवार को पर्वतीय क्षेत्रों में मौसम में बदलाव की संभावना जताते हुए आठ जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है।
मौसम विभाग के अनुसार, पर्वतीय जनपदों में कहीं-कहीं बहुत हल्की से हल्की वर्षा हो सकती है। इस दौरान कुछ स्थानों पर गर्जन के साथ आकाशीय बिजली चमकने और तेज हवाएं चलने की संभावना है। अल्मोड़ा, नैनीताल, चंपावत, चमोली, रुद्रप्रयाग, उत्तरकाशी, बागेश्वर और पिथौरागढ़ में विशेष सतर्कता बरतने की सलाह दी गई है।
इन जिलों में कहीं-कहीं 30 से 40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से झोंकेदार हवाएं चल सकती हैं। साथ ही आकाशीय बिजली चमकने की भी संभावना है। मौसम विभाग ने बिजली और तेज हवाओं के दौरान खुले स्थानों पर अनावश्यक रूप से न जाने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी है।
वहीं, हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर समेत मैदानी क्षेत्रों में मौसम के मुख्य रूप से शुष्क रहने का अनुमान है। मौसम में बदलाव के बावजूद फिलहाल प्रदेश में व्यापक वर्षा की संभावना नहीं है। पर्वतीय क्षेत्रों में स्थानीय स्तर पर होने वाली बारिश और तेज हवाओं के कारण तापमान में मामूली गिरावट आ सकती है।

