मौसम अपडेट: बदरीनाथ और औली में हुई सीजन की पहली बर्फबारी; अभिभूत नजर आए श्रद्धालु

मौसम अपडेट: बदरीनाथ और औली में हुई सीजन की पहली बर्फबारी; अभिभूत नजर आए श्रद्धालु
Spread the love

चमोली(आरएनएस)।   बदरीनाथ धाम में रविवार को इस सीजन की पहली बर्फबारी हुई। मंदिर के कपाट बंद होने से एक दिन पहले हुई बर्फबारी से पूरा धाम बर्फ की सफेद चादर से ढक गया। वहीं दोपहर बाद औली में भी जमकर बर्फबारी हुई। बर्फबारी देखकर धाम पहुंचे श्रद्धालु अभिभूत नजर आए। सोमवार को बदरीनाथ मंदिर के कपाट शीतकाल के लिए बंद होने हैं। ऐसे में इन दिनों धाम में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ रही है। रविवार सुबह मौसम ने करवट बदली और बर्फबारी शुरू हो गई। कुछ ही देर में मंदिर परिसर और आसपास की चोटियां बर्फ से ढक गईं। श्रद्धालु संजय कुंवर, रणजीत सिंह और प्रदीप कंडारी ने बताया कि पहली बार बर्फबारी देखने का मौका मिला है। भगवान के दर्शन के साथ प्रकृति के खूबसूरत नजारे ने यात्रा को यादगार बना दिया। उधर, औली में भी दोपहर बाद अच्छी बर्फबारी हुई। इससे पर्यटन कारोबारियों के चेहरे खिल उठे। पर्यटन एवं एडवेंचर से जुड़े विवेक पंवार ने कहा कि नवंबर में हुई बर्फबारी विंटर पर्यटन सीजन के लिए शुभ संकेत है। इससे उम्मीद है कि पर्यटन गतिविधियां और विंटर स्पोर्ट्स समय पर शुरू हो सकेंगे।
गंगोत्री-यमुनोत्री सहित ऊंचाई वाले इलाकों में भी गिरी बर्फ
उत्तरकाशी। जनपद में रविवार को मौसम ने करवट बदली। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम सहित ऊंचाई वाले इलाकों में हल्की बर्फबारी हुई जबकि निचले क्षेत्रों में बारिश का मौसम बना रहा। मौसम में आए इस बदलाव से जिले में ठंड का असर बढ़ गया है। गंगोत्री धाम में रविवार दोपहर बाद बर्फबारी शुरू हुई। धाम के आसपास की ऊंची चोटियों पर भी हल्की बर्फ गिरने की सूचना है। वहीं हर्षिल क्षेत्र में सुबह से ही रुक-रुककर बर्फबारी होती रही। दूसरी ओर यमुनोत्री धाम और खरसाली में भी दोपहर बाद हल्की बर्फबारी शुरू हो गई। आसपास की ऊंची चोटियों पर भी बर्फ गिरने से मौसम का मिजाज बदल गया। जिला मुख्यालय उत्तरकाशी में भी दोपहर बाद मौसम बदला और बूंदाबांदी हुई। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के साथ हर्षिल और खरसाली क्षेत्र में बर्फबारी व निचले इलाकों में बारिश से पूरे जनपद में ठंड बढ़ गई है।

Parvatanchal