खुलासा: पुलिस ने किया स्कूल परिसर के घर में चोरी का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, सहयोगी रिश्तेदार फ़रार

खुलासा: पुलिस ने किया स्कूल परिसर के घर में चोरी का खुलासा, 65 वर्षीय आरोपी गिरफ्तार, सहयोगी रिश्तेदार फ़रार
Spread the love

 

रैकी कर रिश्तेदारों के साथ मिलकर वारदात को दिया था अंजाम, तीन अन्य आरोपी फरार; पछवादून में कई और चोरियों के खुलासे की उम्मीद

विकासनगर। विकासनगर क्षेत्र के बरोटीवाला में स्कूल परिसर में स्थित घर में हुई चोरी की घटना का दून पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से चोरी की गई पांच हजार रुपये की नगदी, स्कूल से संबंधित दस्तावेज और वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की है। पूछताछ में गिरोह के तीन अन्य सदस्यों के नाम सामने आए हैं। पुलिस के मुताबिक, फरार आरोपी गिरफ्तार किए गए व्यक्ति के रिश्तेदार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है।

पुलिस के अनुसार, बरोटीवाला निवासी गोपाल सिंह ने 23 सितंबर को कोतवाली विकासनगर में शिकायत दर्ज कराई थी कि अज्ञात चोरों ने उनके घर के कमरे की जाली तोड़कर अंदर प्रवेश किया और सोने-चांदी के आभूषण तथा नगदी चोरी कर ली। शिकायत के आधार पर पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया।

घटना की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक देहरादून के निर्देश पर पुलिस की अलग-अलग टीमें गठित की गईं। टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण करने के साथ ही आसपास के क्षेत्रों और आने-जाने वाले रास्तों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसके अलावा पूर्व में इस तरह की घटनाओं में सामने आए आरोपियों की गतिविधियों और वर्तमान स्थिति की भी जानकारी जुटाई गई। पुलिस ने मुखबिर तंत्र को सक्रिय करते हुए लगातार सुरागरसी और पतारसी की।

चेकिंग के दौरान दबोचा गया आरोपी

लगातार प्रयासों के बाद 30 सितंबर को पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर पुल नंबर-1, विकासनगर के पास चेकिंग के दौरान बाबूराम पुत्र स्वर्गीय चरण दास, निवासी तोलाराम बस्ती, नवाबगढ़, विकासनगर को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की उम्र 65 वर्ष बताई गई है। उसके पास से चोरी की नगदी, स्कूल से संबंधित दस्तावेज और वारदात में इस्तेमाल डिस्कवर मोटरसाइकिल बरामद हुई।

पहले की रैकी, फिर रिश्तेदारों को बुलाया

पूछताछ में बाबूराम ने पुलिस को बताया कि उसने वारदात से पहले बरोटीवाला स्थित स्कूल परिसर के घर की रैकी की थी। इसके बाद उसने अपने तीन साथियों सोनू, राजेंद्र और मदन को चोरी के लिए विकासनगर बुलाया। पुलिस के अनुसार, सोनू और मदन आरोपी के साले हैं, जबकि राजेंद्र उसके भाई का बेटा है। सोनू लुधियाना और राजेंद्र भटिंडा, पंजाब में रहते हैं, जबकि मदन नयागांव क्षेत्र में रहता है।

पुलिस के मुताबिक, घटना वाले दिन बाबूराम अपनी मोटरसाइकिल से राजेंद्र और सोनू को बरोटीवाला शिव मंदिर तिराहे तक लेकर गया। वहां से दोनों गन्ने के खेतों के रास्ते घर तक पहुंचे और जाली काटकर अंदर घुसे। चोरी के बाद पहले से तय योजना के तहत बाबूराम उन्हें लेने हनुमान मंदिर के पास पहुंचा। इसके बाद दोनों को मोटरसाइकिल से वेदांश चौक तक छोड़ा गया, जहां से वे घटना में शामिल मदन के साथ नयागांव चले गए।

पूछताछ में यह भी सामने आया कि चोरी के बाद अन्य आरोपियों ने बाबूराम को उसके हिस्से की रकम और कुछ दस्तावेज दिए थे। पुलिस का कहना है कि आरोपी से पूछताछ में पछवादून क्षेत्र में चोरी और नकबजनी की अन्य घटनाओं के बारे में भी जानकारी मिली है। पुलिस इन घटनाओं से संबंधित तथ्यों का सत्यापन कर रही है।
पुलिस ने मामले में सोनू, राजेंद्र और मदन को भी आरोपी बनाया है। तीनों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं। पुलिस को उम्मीद है कि फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद पछवादून क्षेत्र में हुई अन्य चोरी और नकबजनी की घटनाओं के संबंध में भी महत्वपूर्ण जानकारी सामने आ सकती है।

Parvatanchal