तनातनी: डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव में मतदान के दौरान हंगामा, पुलिस ने भांजी लाठियां
कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं और पुलिस के बीच धक्कामुक्की, प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट हिरासत में
देहरादून। डीएवी पीजी कॉलेज में छात्रसंघ चुनाव के लिए मतदान शुरू होते ही छात्राओं के बूथ के बाहर वोट अपील को लेकर हंगामा हो गया। बूथ के बाहर मौजूद कांग्रेस और एनएसयूआई कार्यकर्ताओं को हटाने पहुंची पुलिस के साथ कार्यकर्ताओं की धक्कामुक्की हो गई। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने लाठियां भांजकर कार्यकर्ताओं को मौके से खदेड़ा।
बताया गया कि कांग्रेस के प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट, पार्षद रोबिन त्यागी समेत एनएसयूआई के कुछ कार्यकर्ता छात्राओं के मतदान बूथ के बाहर खड़े होकर वोट की अपील कर रहे थे। इसकी सूचना मिलने पर सीओ डालनवाला नितिन लोहानी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और कार्यकर्ताओं को बूथ के आसपास से हटने के लिए कहा।
पुलिस के निर्देश के बाद भी कार्यकर्ताओं के मौके से नहीं हटने पर विवाद बढ़ गया। पुलिस और कांग्रेस-एनएसयूआई कार्यकर्ताओं के बीच कहासुनी के बाद धक्कामुक्की शुरू हो गई। देखते ही देखते स्थिति तनावपूर्ण हो गई।
मामला बढ़ता देख पुलिस ने बल प्रयोग करते हुए लाठियां भांजी और कार्यकर्ताओं को वहां से खदेड़ दिया। इसके बाद पुलिस ने कांग्रेस प्रदेश सचिव विनीत प्रसाद भट्ट को हिरासत में ले लिया और उन्हें थाने ले जाया गया।
घटना के बाद कॉलेज परिसर में कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा। पुलिस ने मतदान केंद्रों के आसपास मौजूद कार्यकर्ताओं और समर्थकों को निर्धारित दायरे से बाहर रहने के निर्देश दिए। मतदान प्रक्रिया के दौरान बूथ के आसपास प्रचार अथवा वोट अपील करने वालों पर पुलिस की निगरानी और सख्ती जारी रही।

