उम्मीद: जनवरी तक तैयार होगा जीएनटीआई स्टेडियम, आधुनिक सुविधाओं से होगा लैस, डॉ वन सिंह रावत ने दिए निर्देश
श्रीनगर। श्रीनगर का ऐतिहासिक जीएनटीआई स्टेडियम आगामी जनवरी तक नए और आधुनिक स्वरूप में तैयार हो जाएगा। ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के तहत स्टेडियम के पुनर्निर्माण का काम तेजी से चल रहा है। कैबिनेट मंत्री एवं श्रीनगर विधायक डॉ. धन सिंह रावत ने रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक को जनवरी तक निर्माण कार्य पूरा करने के निर्देश दिए हैं।
डॉ. रावत ने शुक्रवार को अपने शासकीय आवास से वर्चुअल माध्यम से श्रीनगर विधानसभा क्षेत्र में चल रहे विकास कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने जीएनटीआई स्टेडियम के पुनर्निर्माण की प्रगति की जानकारी लेते हुए कहा कि स्टेडियम में आधुनिक सुविधाएं विकसित की जाएं, ताकि यह फिर से क्षेत्र में खेल और स्थानीय सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन सके।
बैठक में श्रीकोट-स्वीत और डुंगरीपंथ क्षेत्र के लिए करीब तीन करोड़ रुपये की विभिन्न विकास योजनाओं को मंजूरी दी गई। मंत्री ने स्थानीय प्रशासन और संबंधित विभागों को इन योजनाओं के प्रस्ताव प्राथमिकता के आधार पर शीघ्र शासन को भेजने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रस्ताव भेजने में लापरवाही बरतने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
डॉ. रावत ने धारी देवी रेलवे स्टेशन को आधुनिक सुविधाओं से विकसित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने रेलवे अधिकारियों से स्टेशन क्षेत्र में बहुउद्देशीय पार्किंग और आधुनिक पार्क विकसित करने को कहा। इसके साथ ही श्रीकोट स्थित सीडीएस जनरल बिपिन रावत स्टेडियम में मॉडल पार्किंग बनाने के निर्देश दिए गए। पार्किंग में सैकड़ों वाहनों को खड़ा करने की क्षमता विकसित करने की बात कही गई।
समीक्षा बैठक में श्रीनगर स्थित उद्यान विभाग के बगीचे और रीवर फ्रंट के सौंदर्यीकरण को लेकर भी निर्देश दिए गए। डॉ. रावत ने जिला प्रशासन और संबंधित विभागों को इन कार्यों को प्राथमिकता से आगे बढ़ाने को कहा।
बैठक में गढ़वाल मंडल के आयुक्त आनंद स्वरूप, पौड़ी जिलाधिकारी स्वाती भदौरिया, ऋषिकेश-कर्णप्रयाग रेल परियोजना के मुख्य परियोजना प्रबंधक हिमांशु बडोनी, श्रीनगर एसडीएम नुपुर वर्मा समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

